
सुनील सोनकर (राष्ट्रीय दिया समाचार ) मसूरी
मसूरी-देहरादून मार्ग पर गलोगीधार के पास गुरुवार को उस समय बड़ा हादसा होने से टल गया, जब उत्तराखंड परिवहन निगम की टेंपो ट्रैवलर के अचानक ब्रेक फेल हो गए। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को खाई की ओर जाने से रोकने के लिए पहाड़ से टकरा दिया। इसके बाद टेंपो ट्रैवलर सड़क पर पलट गई। हादसे में वाहन में सवार 17 यात्री घायल हो गए, जबकि एक यात्री को गंभीर चोटें आई हैं।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। टेंपो ट्रैवलर को सड़क पर पलटा देखकर आसपास से गुजर रहे वाहन चालकों ने अपने वाहन रोक दिए और स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
टेंपो ट्रैवलर के चालक ने बताया कि मसूरी से देहरादून की ओर जाते समय अचानक वाहन के ब्रेक फेल हो गए। वाहन को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया, लेकिन रफ्तार के कारण स्थिति बिगड़ती देख उन्होंने टेंपो ट्रैवलर को पहाड़ की तरफ मोड़कर टकरा दिया। टक्कर के बाद वाहन पलट गया।
चालक के अनुसार, यदि वाहन को पहाड़ की ओर न मोड़ा जाता और वह खाई की तरफ चला जाता तो हादसा बेहद गंभीर हो सकता था।
एक यात्री ने बताया कि सब कुछ सामान्य चल रहा था, तभी अचानक टेंपो ट्रैवलर पलट गई। यात्रियों को कुछ समझने का मौका तक नहीं मिला और वाहन के अंदर चीख-पुकार मच गई। कुछ ही देर में आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की।
मसूरी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र चौहान ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में वाहन के ब्रेक फेल होने की बात सामने आ रही है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल पाएगा। पुलिस ने घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।

More Stories
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की श्री केदारनाथ धाम यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा,द्वितीय चरण की यात्रा को लेकर सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश, श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता.!
मुज़फ्फरनगर की थाना रामराज व एसओजी देहात की संयुक्त कार्यवाही, महिला से लॉकेट छीनने वाले 03 अभियुक्त दौराने पुलिस मुठभेड गिरफ्तार (पुलिस मुठभेड में 01 अभियुक्त हुआ घायल),आरोपियों के कब्जे से छीना गया लॉकेट, 02 तमंचे मय 03 जिन्दा व 01 खोखा कारतूस 315 बोर, 01 चाकू व घटना में प्रयुक्त 01 मोटरसाइकिल टीवीएस राइडर बिना नम्बर प्लेट बरामद ।
एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में नशा तस्करों पर दून पुलिस की ताबड़तोड़ कार्यवाही,अवैध मादक पदार्थो के साथ 02 महिला नशा तस्करों सहित 03 अभियुक्तों को पुलिस ने किया गिरफ्तार,अभियुक्तों के कब्जे से 05 लाख रू0 अधिक अनुमानित मूल्य की 16.79 ग्राम स्मैक तथा 03 किलोग्राम गांजा हुआ बरामद,गिरफ्तार महिला अभियुक्ता पूर्व में भी मादक पदार्थों की तस्करी में जा चुकी है जेल, अभियुक्ता के विरूद्ध पूर्व में भी दर्ज हैं कई अभियोग. !