
रायपुर ब्लॉक के आपदा प्रभावित 48 परिवारों को जिलाधिकारी सविन बसंल ने ₹17 लाख की आर्थिक सहायता चेक प्रदान किए हैं। जनपद देहरादून के रायपुर ब्लॉक में विगत 15 सितम्बर की रात्रि को हुई अतिवृष्टि एवं बादल फटने की घटना से प्रभावित परिवारों को राहत प्रदान करने की दिशा में जिला प्रशासन देहरादून द्वारा वेस्ट वॉरियर्स संस्था के सहयोग से एक महत्वपूर्ण पहल की गई।आज कलेक्ट्रेट सभागार, देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी सविन बंसल द्वारा रायपुर ब्लॉक के चिन्हित 48 बाढ़ प्रभावित परिवारों को कुल ₹17 लाख की आर्थिक सहायता चेक के माध्यम से वितरित की गई। यह सहायता वेस्ट वॉरियर्स संस्था के सहयोग से प्रदान की गई है।
उल्लेखनीय है कि 15 सितम्बर को हुई भीषण आपदा के उपरांत रायपुर ब्लॉक के कई ग्रामीण क्षेत्रों में भारी तबाही देखने को मिली थी। इस आपदा में अनेक परिवारों को गंभीर क्षति पहुँची, कुछ परिवारों ने अपने परिजनों को खोया तथा कई परिवारों के आवास पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त हो गए। ऐसे ही अत्यंत प्रभावित परिवारों के लिए जिला प्रशासन के समन्वय से वेस्ट वॉरियर्स संस्था द्वारा राहत सहायता उपलब्ध कराई गई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि सितम्बर माह में आई आपदा के दौरान जिला प्रशासन द्वारा एसडीआरएफ मानकों के अनुसार पीड़ितों को सहायता प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि कुछ सामाजिक संस्थाएं एवं एनजीओ आगे बढ़कर मानवीय मूल्यों के साथ जिला प्रशासन का सहयोग करती हैं और जनमानस की सहायता करती हैं, जो अत्यंत सराहनीय है। जिलाधिकारी ने कहा कि मा0 मुख्यमंत्री के संकल्प के अनुरूप भविष्य में भी विभिन्न एनजीओ एवं संगठनों के माध्यम से प्रभावित परिवारों को उपलब्ध संसाधनों से सहायता प्रदान की जाती रहेगी।
रायपुर ब्लॉक की कार्लीगढ़, धनौला, फूलेत, सरखेत एवं छमरौली ग्राम पंचायतों के चयनित बाढ़ प्रभावित परिवारों को आज जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय, देहरादून में जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी द्वारा राहत राशि वितरित की गई। संस्था द्वारा ₹15,000 प्रति परिवार की सहायता प्रदान की गई, जिसके अंतर्गत आज कुल 48 परिवारों को चेक वितरित किए गए। यह राहत कार्य जिला प्रशासन, जिला पंचायत सदस्यों, ग्राम प्रधानों एवं वेस्ट वॉरियर्स संस्था के आपसी समन्वय से तैयार की गई सूची के आधार पर किया गया।
वेस्ट वॉरियर्स संस्था के नवीन कुमार सडाना ने बताया कि यह सहायता दानदाताओं एवं शुभचिंतकों के सहयोग से संभव हो पा रही है तथा जैसे-जैसे अतिरिक्त सहायता राशि प्राप्त होगी, उसे चरणबद्ध रूप से अन्य प्रभावित परिवारों तक भी पहुँचाया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, ओएनजीसी के जीएम नीरज शर्मा, अरुण सिंह, चंदन सुशील, महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के प्रधानाचार्य राजेश ममगाईं, निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण विक्रम सिंह, वेस्ट वॉरियर्स संस्था की ओर से मयंक शर्मा, नवीन कुमार सडाना, असलम खान, विनोद सोलंकी, पूजा, मुमकिन है डेवलपमेंट फाउंडेशन की निदेशिका प्रगति सडाना सहित अन्य सदस्य एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

More Stories
मुज़फ्फरनगर क़ी कोतवाली पुलिस ने sog के सहयोग से पुरानी बोतल मे नई शराब भरकर बेचने वाले सात आरोपियों को किया गिरफ्तार, पुलिस ने आरोपियों के कब्ज़े से भारी मात्रा मे अवैध शराब क़ी बरामद.!
अभिनेत्री उर्मिला सनावर को हरिद्वार पुलिस ने सहारनपुर से किया गिरफ्तार, 5 करोड़ क़ी रंगदरी और जान से मारने क़ी धमकी का लगा आरोप, उर्मिला सनावर अंकिता भंडारी मामले रही है काफ़ी चर्चित.!
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पैतृक गांव हड़खोला स्थित श्री हरि चंद देवता मंदिर में की पूजा-अर्चना, मुख्यमंत्री ने अपने इष्टदेव से प्रदेश वासियो क़ी खुशहाली क़ी कि कामना, अपने बचपन क़ी मुँहबोली दादी से लिया आशीर्वाद !