August 20, 2026

rashtriyadiyasamachar

एक राष्ट्र, एक विधान, एक नजर,एक खबर

अब लावारिस गौ वंश छोड़ने वालों के खिलाफ होंगी कड़ी कार्यवाही, केबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने दिये अधिकारियो को आदेश, गौ वंश का संरक्षण करने वालों को सरकार हर माह देगी 12 हज़ार रूपये की आर्थिक सहायता. !

 

राजीव भार्गव (राष्ट्रीय दिया समाचार ) देहरादून

देहरादून। उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने आज पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि राज्य में लावारिस गोवंश छोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार गोवंश संरक्षण और पशुपालकों के हितों को ध्यान में रखते हुए कड़े कदम उठा रही है तथा निगरानी व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है।

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति 11 लावारिस गोवंशों का संरक्षण करता है, तो सरकार उसे ₹12,000 प्रतिमाह की आर्थिक सहायता प्रदान करेगी। इसके अलावा पशुओं के चारे के लिए ₹80 प्रतिदिन प्रति पशु की सहायता भी दी जाएगी, ताकि गोवंशों के बेहतर पालन-पोषण को प्रोत्साहन मिल सके।

सौरभ बहुगुणा ने बताया कि राज्य सरकार बकरी पालन को बढ़ावा देने के लिए भी विशेष योजना संचालित कर रही है। इसके तहत यदि किसी किसान या बकरी पालक को पांच बकरियां उपलब्ध कराई जाती हैं और उनकी संख्या बढ़कर दस हो जाती है, तो सरकार की ओर से दो अतिरिक्त बकरियां नि:शुल्क उपलब्ध कराने का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।

मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है, जो किसानों और पशुपालकों के लिए लगातार सुविधाजनक और लाभकारी योजनाएं संचालित कर रहा है। उन्होंने बताया कि पशुओं की चिकित्सा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पूरे राज्य में विशेष टीमों का गठन किया गया है।

सौरभ बहुगुणा ने कहा कि बरसात के मौसम में पशुओं में फैलने वाली बीमारियों को देखते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। सभी जिलों के अधिकारी राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों के अनुसार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर वह स्वयं लगातार नजर बनाए हुए हैं।

You may have missed

Share