
सुनील सोनकर (राष्ट्रीय दिया समाचार ) मसूरी
मसूरी। मसूरी-देहरादून मार्ग पर मैगी पॉइंट के पास गुरुवार सुबह एक 22 वर्षीय युवक का शव उसकी लोडर जीप में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। युवक के गले में पतली प्लास्टिक की रस्सी बंधी होने की बात सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए देहरादून के कोरोनेशन अस्पताल भेज दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
मृतक की पहचान जौनपुर क्षेत्र के टकारना गांव निवासी मनीष (22) के रूप में हुई है। बताया गया कि मनीष रोजाना तड़के करीब तीन बजे लोडर जीप से मसूरी से देहरादून सामान लेने जाता था। गुरुवार सुबह भी वह रोज की तरह घर से निकला था। इसके बाद मैगी पॉइंट के पास उसकी लोडर जीप में उसका शव मिला।
स्थानीय लोगों ने जीप में शव देखे जाने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, युवक एक रस्सी के सहारे पीछे की ओर लटका हुआ था। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले परिजनों और स्थानीय लोगों ने उसे रस्सी से नीचे उतार लिया था। युवक के गले में पतली प्लास्टिक की रस्सी बंधी होने की बात भी सामने आई है।
पुलिस को प्रथम दृष्टया आत्महत्या की आशंका
मसूरी कोतवाल देवेंद्र चौहान ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए कोरोनेशन अस्पताल भेजा गया है और मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
परिजनों और स्थानीय लोगों में उठ रहे सवाल
मनीष की मौत की खबर फैलते ही टकारना गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक के साथ कई सवाल खड़े हो गए। स्थानीय निवासी रघुवीर ने बताया कि मनीष मेहनती युवक था और रोजाना अपना काम करता था। उनके अनुसार, वह किसी तरह का नशा भी नहीं करता था। ऐसे में अचानक उसकी इस तरह मौत होने से लोग स्तब्ध हैं और घटना को संदिग्ध मानकर निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मनीष मैगी पॉइंट तक कैसे पहुंचा, उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति था या नहीं और घटना से पहले उसकी गतिविधियां क्या थीं। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

More Stories
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की श्री केदारनाथ धाम यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा,द्वितीय चरण की यात्रा को लेकर सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश, श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता.!
मुज़फ्फरनगर की थाना रामराज व एसओजी देहात की संयुक्त कार्यवाही, महिला से लॉकेट छीनने वाले 03 अभियुक्त दौराने पुलिस मुठभेड गिरफ्तार (पुलिस मुठभेड में 01 अभियुक्त हुआ घायल),आरोपियों के कब्जे से छीना गया लॉकेट, 02 तमंचे मय 03 जिन्दा व 01 खोखा कारतूस 315 बोर, 01 चाकू व घटना में प्रयुक्त 01 मोटरसाइकिल टीवीएस राइडर बिना नम्बर प्लेट बरामद ।
एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में नशा तस्करों पर दून पुलिस की ताबड़तोड़ कार्यवाही,अवैध मादक पदार्थो के साथ 02 महिला नशा तस्करों सहित 03 अभियुक्तों को पुलिस ने किया गिरफ्तार,अभियुक्तों के कब्जे से 05 लाख रू0 अधिक अनुमानित मूल्य की 16.79 ग्राम स्मैक तथा 03 किलोग्राम गांजा हुआ बरामद,गिरफ्तार महिला अभियुक्ता पूर्व में भी मादक पदार्थों की तस्करी में जा चुकी है जेल, अभियुक्ता के विरूद्ध पूर्व में भी दर्ज हैं कई अभियोग. !