November 28, 2026

rashtriyadiyasamachar

एक राष्ट्र, एक विधान, एक नजर,एक खबर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की बैठक में 23 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर लगी मुहर,कैबिनेट के फैसलों में स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, पेयजल, आबकारी और प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े कई अहम निर्णय शामिल, सरकारी मेडिकल कॉलेजों से पीजी करने वाले चिकित्सकों के लिए दो साल तक राजकीय सेवा होंगी अनिवार्य.!

राजीव भार्गव (राष्ट्रीय दिया समाचार ) देहरादून

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सचिवालय में आयोजित उत्तराखंड मंत्रिमंडल की बैठक में 23 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। कैबिनेट के फैसलों में स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, पेयजल, आबकारी और प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े कई अहम निर्णय शामिल हैं। बैठक में जहां सरकारी मेडिकल कॉलेजों से पीजी करने वाले चिकित्सकों के लिए दो साल तक राजकीय सेवा अनिवार्य कर दी गई, वहीं वन आरक्षी भर्ती की अधिकतम आयु सीमा 25 से बढ़ाकर 28 वर्ष करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा भू-उपयोग परिवर्तन शुल्क की दरों में 25 प्रतिशत की कमी को भी मंजूरी दी गई।

कैबिनेट बैठक के बाद अपर सचिव मुख्यमंत्री बंशीधर तिवारी ने फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि सरकारी मेडिकल कॉलेजों से पीजी करने वाले डॉक्टरों को अब दो साल तक अनिवार्य रूप से सरकारी अस्पतालों में सेवाएं देनी होंगी। इसके लिए सरकार की ओर से बॉन्ड की व्यवस्था लागू की जाएगी। इस निर्णय का उद्देश्य प्रदेश में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करना और सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाना है।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में वृद्धि को लेकर भी कैबिनेट ने अहम निर्णय लिया। मानदेय बढ़ाने के संबंध में अंतिम फैसला लेने के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया है। वहीं उत्तराखंड सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली को विस्तार देते हुए सामाजिक सुरक्षा कोष के गठन को मंजूरी प्रदान की गई।

कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआई) योजना के तहत अब बी फार्मा को भी शामिल करने का निर्णय लिया गया है। इससे पहले इस योजना में डी फार्मा ही अनुमन्य था। चिकित्सा एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्गत एक्स-रे तकनीशियन नियमावली को भी कैबिनेट की स्वीकृति मिली है।

भर्ती और प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े फैसलों में वन आरक्षी पद की भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष से बढ़ाकर 28 वर्ष कर दी गई है। राजस्व निरीक्षक सेवा नियमावली में बदलाव के लिए मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में समिति गठित करने का निर्णय लिया गया। उत्तराखंड राज्य नियोजन आयोग के अंतर्गत सेतु आयोग के ढांचे को भी मंजूरी दी गई है। आबकारी विभाग में 11 नए पदों के सृजन को स्वीकृति प्रदान की गई।

इसके अलावा भू-उपयोग परिवर्तन शुल्क की दरों को एक चौथाई कम करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। हरिद्वार शहर में सार्वजनिक परिवहन प्रणाली लागू करने के प्रस्ताव को भी हरी झंडी देते हुए इसके लिए रूट निर्धारित किए गए हैं। चीनी मिलों को पेराई सत्र के दौरान सरकारी बैंक से गारंटी उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली है।

वहीं विधानसभा सत्र के सत्रावसान को स्वीकृति प्रदान की गई। इस तरह धामी कैबिनेट की बैठक में लिए गए फैसलों से स्वास्थ्य सेवाओं, युवाओं के रोजगार अवसरों, सामाजिक सुरक्षा और शहरी परिवहन व्यवस्था को लेकर सरकार ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।

Share