October 31, 2026

rashtriyadiyasamachar

एक राष्ट्र, एक विधान, एक नजर,एक खबर

मसूरी में अवैध चार दुकानों पर चला प्रशासन का बुलडोजर, नायब तहसीलदार की मौजूदगी मे जेसीबी से किया अवैध दुकानों का ध्वस्तीकरण.!

सुनील सोनकर (राष्ट्रीय दिया समाचार )मसूरी

पहाड़ों की रानी मसूरी में अवैध निर्माण के खिलाफ प्रशासन ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए झूलाघर क्षेत्र में चार दुकानों को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया। मसूरी पब्लिक स्कूल के सामने हुई इस कार्रवाई से अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान एमडीडीए, पुलिस और नगर पालिका की संयुक्त टीम के साथ पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।

एसडीएम मसूरी राहुल आनंद के निर्देश पर तहसीलदार उपेंद्र राणा के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। यहां रॉक स्टोन, अपर झूलाघर क्षेत्र में संजय मेहरोत्रा व राजीव मेहरोत्रा की ओर से किए गए अनधिकृत निर्माण के मामले में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। संबंधित प्रकरण में सुनवाई के बाद 17 अगस्त 2026 को ध्वस्तीकरण आदेश जारी किया गया था, जिसकी प्रति संबंधित पक्ष को 19 अगस्त को प्राप्त कराई गई थी।

आदेश में संबंधित पक्ष को 15 दिन के भीतर स्वयं अवैध निर्माण हटाने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित अवधि दो सितंबर को समाप्त हो गई, लेकिन निर्माण नहीं हटाया गया। प्रशासन के अनुसार ध्वस्तीकरण आदेश के खिलाफ फिलहाल कोई स्थगनादेश भी प्राप्त नहीं हुआ था। इसके बाद एमडीडीए ने सोमवार को पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई करते हुए चार दुकानों को ध्वस्त कर दिया।

अपील खारिज होने के बाद कार्रवाई का रास्ता साफ

नायब तहसीलदार उपेंद्र राणा ने बताया कि संबंधित निर्माणकर्ता की ओर से ध्वस्तीकरण आदेश के खिलाफ कमिश्नर के समक्ष अपील की गई थी, जिसे खारिज कर दिया गया था। इसके बाद नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि पूरी कार्रवाई निर्धारित नियमों और प्रक्रिया के तहत की गई है

एसडीएम राहुल आनंद ने स्पष्ट किया है कि मसूरी में अवैध निर्माण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे कई मामले प्रशासन और विकास प्राधिकरण के स्तर पर विचाराधीन हैं। जांच और नियमानुसार प्रक्रिया पूरी होने के बाद अन्य अवैध निर्माणों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

You may have missed

Share