गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले के दशोली ब्लाक का मैठाणा गांव को मॉडल विलेज के रूप में विकसित करने की कवायद शुरू हो गई है। जिला स्तर पर मॉडल विलेज विकसित करने के लिए मैठाणा गांव का चयन किया गया। जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने गुरुवार को विकास भवन सभागार में सभी संबंधित विभागों की बैठक लेते हुए मैठाणा गांव को मॉडल विलेज के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी संबंधित विभाग संयुक्त रूप से मैठाणा गांव का भ्रमण करें और मैठाणा गांव को मॉडल विलेज बनाने के लिए इंटीग्रेटेड अप्रोच के साथ कार्य योजना तैयार की जाए। मैठाणा गांव में नर्सरी विकास, कीवी के काश्तकारों की संख्या में वृद्धि, गांव में होम स्टे संचालन, हाट बाजार, ऑर्नामेंटल फिश पौंड बनाने तथा हाउस ऑफ हिमालया की थीम पर आउटलेट बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाए। स्वरोजगार के उद्देश्य से कैंपिंग कराई जाए।
जिलाधिकारी ने मैठाणा में खेल मैदान तक जाने वाले लिंक मार्ग का चौड़ीकरण करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान सड़क मार्ग अवरूद्व होने पर यहां पर तीर्थयात्रियों को ठहराने एवं अन्य प्रयोजन के लिए खेल मैदान का उचित उपयोग किया जा सकता है। इससे यहां के स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिलेगा। जिलाधिकारी ने पशुपालन विभाग को मैठाणा पशु सेवा केन्द्र पर सप्ताह में दो दिन पशुधन प्रसार अधिकारी को तैनात करने एवं डीपीआरओ को मिनी सचिवालय को तत्काल खाली कराने के निर्देश भी दिए।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिशासी अभियन्ता अला दिया ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम सभा में 250 हेक्टेयर भूमि है। इसमें 123 परिवार खेती करते हैं। मैठाणा में मूलभूत सुविधाओं को सदृढ करने से स्थानीय लोगों की आर्थिकी बढ़ेगी। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी नन्दन कुमार, जिला विकास अधिकारी सुशील मोहन डोभाल, एपीडी केके पन्त सहित सभी संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

More Stories
मसूरी के चंद्रभान के जज़्बे को सलाम, 80 साल क़ी उम्र मे भी निभा रहे वीर हनुमान का किरदार, शोभा यात्रा ने भगवान हनुमान के स्वरूप के हाथो आशीर्वाद लेने वालों का लगा ताँता. !
खुद को न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म का संचालक बताकर अवैध वसूली कर रहे तथाकथित पत्रकार को दून पुलिस ने किया गिरफ्तार
जनपद देहरादून में रावण दहन कार्यक्रम सकुशल रूप से हुआ सम्पन्न, पुलिस बल व पीएसी के साथ फायर ब्रिगेड व बीडीएस टीमों ने संभाला मोर्चा