
विपिन अग्रवाल (राष्ट्रीय दिया समाचार) देहरादून
देहरादून। पटेलनगर थानाक्षेत्र में शनिवार देर शाम सेंट ज्यूड चौक के पास एक बेकाबू कार ने पैदल जा रहे कई लोगों को रौंद दिया। हादसे में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के महानगर देहरादून महामंत्री जितेंद्र सिंह बिष्ट की मौत हो गई। हादसे में तीन से चार लोग घायल बताए जा रहे हैं। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो पाई। एक घायल की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसा शनिवार शाम करीब 7:45 बजे सेंट ज्यूड चौक से ट्रांसपोर्ट नगर की ओर जाने वाले रास्ते पर हुआ। पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि एक सफेद रंग की कार अनियंत्रित होकर कुछ लोगों को टक्कर मारते हुए निकल गई है। पटेलनगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची तो पाया कि सेंट ज्यूड चौक से करीब 100 मीटर आगे ट्रांसपोर्ट नगर की ओर कार दुर्घटनाग्रस्त स्थिति में खड़ी थी। लोगों ने बताया कि कार चालक ने कई पैदल यात्रियों को टक्कर मारी जिन्हें स्थानीय लोग तुरंत अस्पताल ले गए।
कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लिया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह कार बुड्ढी निवासी मुजम्मिल की है। खराबी आने के कारण इसे सेंट ज्यूड चौक के पास वसीम की वर्कशॉप में रखा था। वाहन की मरम्मत का काम करने वाले अब्बू नाम के व्यक्ति ने वाहन की टेस्टिंग के लिए इसे वर्कशॉप से बाहर निकाला। वर्कशॉप वापस आते समय कार अनियंत्रित हो गई और सड़क पर खड़े और चल रहे कुछ लोगाें को रौंद दिया। हादसे में केशव विहार चंद्रबनी निवासी जितेंद्र बिष्ट की मृत्यु हो गई। बिष्ट डीएवी कॉलेज के पूर्व अध्यक्ष भी रह चुके थे। वहीं, चंद्रबनी निवासी रितिक राजपूत भी घायल हैं जिनका वेलवेट चिकित्सालय में उपचार चल रहा है। रितिक की हालत भी गंभीर बताई जा रही है।

More Stories
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने सेना के जवानों को मिठाई खिलाकर मनाई होली
दून पुलिस परिवार के साथ एसएसपी दून ने मनाया खुशियों एवं रंगो का त्यौहार होली, सभी जवानों व पुलिस परिजनों को रंग लगाकर दी होली के पावन पर्व की शुभकामनांए, पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहित करते हुए एसएसपी दून का संदेश- आप सतर्क तो आम जन सुरक्षित
रंगो के त्यौहार को हर्षोल्लास से मनाने हेतु दून पुलिस की चुस्त दुरूस्त सुरक्षा व्यवस्था,चप्पे पर मुस्तैद रही दून पुलिस