June 26, 2026

rashtriyadiyasamachar

एक राष्ट्र, एक विधान, एक नजर,एक खबर

मसूरी के पास बाइक सवार पिता पुत्र गहरी खाई मे गिरे, पिता की मौत बेटे को घायल अवस्था मे पुलिस ने भेजा अस्पताल !

सुनील सोनकर (राष्ट्रीय दिया समाचार) मसूरी

मसूरी-देहरादून मार्ग पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिता की मौत हो गई, जबकि 14 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों मसूरी में पेंट-पुताई का काम करने जा रहे थे, तभी अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई।

घटना की सूचना 112 नंबर के माध्यम से पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही कोल्हुखेत चौकी पुलिस और राजपुर थाना की टीम आपदा उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। हादसा गलोगी के पास हुआ, जहां हाल ही में सड़क किनारे पुश्ते का निर्माण कार्य चल रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि बजाज प्लेटिना बाइक यूके07-एबी- 7926 मसूरी की ओर जाते हुए गहरी खाई में गिर गई थी। बाइक पर दो सवार पिता और पुत्र देहरादून से मसूरी जा रहे थे। गिरने के दौरान पीछे बैठा बालक मोटरसाइकिल से छिटक कर पहाड़ी पर ही फँस गया था।

पुलिस कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से बच्चे को बमुश्किल खाई से निकाला और एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भिजवाया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए फायर सर्विस मसूरी और एसडीआरएफ देहरादून की टीमें भी मौके पर पहुंचीं।

राहत-बचाव अभियान चलाकर टीमों ने नीचे गिरी मोटरसाइकिल तक पहुंच बनाई, जहां एक व्यक्ति मृत अवस्था में मिला। उसे काफी मशक्कत के बाद खाई से निकाला गया। मृतक की पहचान अशफाक अहमद (40 वर्ष) पुत्र फारूक अहमद, निवासी रायपुर अधोवाला, जैन प्लॉट, देहरादून के रूप में हुई है। घायल का नाम फैजान अहमद (14 वर्ष) है, जो मृतक का बेटा है।

सूचना मिलते ही दोनों के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि गलोगी क्षेत्र में सड़क किनारे चल रहे निर्माण कार्य के कारण कई जगहों पर सुरक्षा दीवारें अधूरी हैं, जिससे इस तरह के हादसों का खतरा बना हुआ है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मसूरी मार्ग पर सुरक्षा बैरियर और चेतावनी बोर्ड तत्काल लगाए जाएँ।

मसूरी पुलिस के अनुसार, “मसूरी मार्ग पर हुए हादसे की सूचना मिली थी। पुलिस और राहत दलों ने तत्काल कार्रवाई की। एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है जबकि एक बालक घायल है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।

You may have missed

Share