गोपेश्वर (चमोली)। जन समस्याओं और शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी चमोली अभिनव शाह की अध्यक्षता में चमोली ब्लाक सभागार में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। तहसील दिवस में 28 फरियादी अपने क्षेत्र से जुड़ी शिकायत लेकर पहुंचे। जिसमें से 11 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। जबकि दीर्घकालिक समस्याओं के समाधान के लिए विभागीय अधिकारियों को प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि तहसील दिवस में आने वाले शिकायतों को गंभीरता लिया जाए। शिकायतों की निष्पक्ष रूप से जांच करने के बाद निर्धारित समय पर उसका निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि तहसील दिवस में आने वाले समस्याओं की नियमित समीक्षा भी की जाएगी। तहसील दिवस में लासी, सरतोली, ठेली, समेडुंग्रा, मजोठी, रांगतोली, खैनुरी, गढ़ोरा, मायापुर आदि गांवों से पहुंचे फरियादियों ने सड़क, विद्युत, पेयजल, भूमि का मुआवजा, मनरेगा, प्राकृतिक आपदा आदि से जुड़ी शिकायतें रखी। सैंजी-ब्यारा मोटर मार्ग निर्माण के लिए ग्राम सैंजी के किसानों की भूमि का मुआवजा न मिलने की शिकायत पर सीडीओ ने पीएमजीएसवाई को प्रभावित लोगों में शीघ्र मुआवजा वितरण करने के निर्देश दिए गए।
लांसी-सरतोली सड़क चौडीकरण, डामरीकरण, पुस्ता एवं नाली निर्माण सही मानकों के अनुसार न किए जाने की शिकायत पर एसडीएम को जांच करने को कहा। ग्राम पाडुली के कोठियाल गांव बुराली में भूधसाव से प्रभावित कृषि भूमि का मुआवजा न दिए जाने की शिकायत पर सिंचाई विभाग को निर्देशित किया गया। निजमुला-गौणा सडक पर पठेला तोक के पास भूस्खलन और सड़क का मलवा नीचे गिराने से आवासी भवन एवं इंटर कॉलेज को बने खतरे की समस्या पर एसडीएम को संबधित अधिकारियों के साथ निरीक्षण करते हुए समस्या का समाधान करने को कहा गया।
तहसील दिवस में नगर क्षेत्र चमोली और मायपुर गढ़ोरा में पेयजल की समस्या, बाटुला, कोडिया आदि क्षेत्रों में झूलते विद्युत तार एवं पोल, भूधसाव, पुराना बाजार चमोली में क्षतिग्रस्त नालियों की मरम्मत, साफ सफाई, नगर पालिका बस सेवा संचालित न होने से जुड़ी शिकायतों पर संबंधित विभागों को समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान ब्लाक प्रमुख विनीता देवी, उप जिलाधिकारी राजकुमार पांडेय, खंड विकास अधिकारी भगवान सिंह राणा, तहसीलदार चन्द्र मोहन नगवाण आदि मौजूद थे।

More Stories
दीपक सैनी ने संभाला देहरादून के मुख्य विकास अधिकारी का कार्यभार,जिले मे विकास कार्यों को गति देने का किया संकल्प.!
मुख्यमंत्री धामी और सतपाल महाराज ने योगी आदित्यनाथ से क़ी मुलाक़ात,उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड के बीच 20 हजार करोड़ से अधिक की परिसंपत्तियों से जुड़े विवादों का हुआ निस्तारण. !
विकास के दावों के बीच समस्याओं से जूझता देवबंद, जाम से जलभराव तक जनता बेहाल* टूटी सड़कें, अधूरी सर्विस रोड, बदहाल स्वास्थ्य सेवाएं और बेरोजगारी बने बड़े सवाल