
उत्तराखण्ड ने एनीमिया मुक्त भारत (Anemia Mukt Bharat–AMB) अभियान के अंतर्गत वर्ष 2026–27 की द्वितीय तिमाही (जुलाई–सितम्बर 2026) के स्कोरकार्ड में देश में प्रथम स्थान हासिल किया है। राज्य ने 89.2 प्रतिशत का AMB इंडेक्स प्राप्त किया है, जोकि 66.2 प्रतिशत के राष्ट्रीय औसत से काफी अधिक है। प्रथम तिमाही में छठे स्थान पर रहा उत्तराखण्ड द्वितीय तिमाही में शीर्ष स्थान पर पहुंच गया है।
मिशन निदेशक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन उत्तराखण्ड, डॉ. संदीप तिवारी ने कहा कि “एनीमिया मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत उत्तराखण्ड का देश के 28 राज्यों में प्रथम स्थान प्राप्त करना राज्य के लिए गर्व और उपलब्धि का विषय है। यह सफलता स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के आपसी समन्वय, स्वास्थ्य कर्मियों की प्रतिबद्धता तथा जमीनी स्तर पर किए जा रहे निरंतर प्रयासों का परिणाम है। हमारा प्रयास है कि एनीमिया की समय पर पहचान, नियमित जांच, आयरन एवं फोलिक एसिड की उपलब्धता और पोषण संबंधी जागरूकता के माध्यम से प्रदेश के प्रत्येक लाभार्थी तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचे। विशेष रूप से बच्चों, किशोर-किशोरियों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं में एनीमिया की रोकथाम एवं नियंत्रण पर हमारा विशेष ध्यान है। हमारा लक्ष्य इस उपलब्धि को निरंतर बनाए रखते हुए एनीमिया मुक्त उत्तराखण्ड के संकल्प को साकार करना है।”
*एनीमिया क्या है और इसके प्रभाव*
एनीमिया एक ऐसी स्थिति है जिसमें रक्त में हीमोग्लोबिन का स्तर सामान्य से कम हो जाता है, जिससे शरीर के विभिन्न अंगों तक पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं पहुंच पाती। आयरन की कमी इसका प्रमुख कारण है। एनीमिया से व्यक्ति की शारीरिक क्षमता, कार्यक्षमता एवं उत्पादकता प्रभावित होती है। इससे थकान, कमजोरी, सांस फूलना, चक्कर आना, एकाग्रता में कमी तथा काम करने की क्षमता प्रभावित हो सकती है। बच्चों में यह शारीरिक एवं मानसिक विकास तथा पढ़ाई की क्षमता को प्रभावित करता है, जबकि गर्भवती महिलाओं में प्रसव संबंधी जटिलताओं एवं कम वजन के शिशु के जन्म का जोखिम बढ़ सकता है।
भारत सरकार द्वारा वर्ष 2018 में एनीमिया मुक्त भारत अभियान प्रारम्भ किया गया। इसके अंतर्गत बच्चों, किशोर-किशोरियों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा प्रजनन आयु वर्ग की महिलाओं को आयरन एवं फोलिक एसिड (IFA) अनुपूरण, एनीमिया की जांच, उपचार एवं पोषण संबंधी जागरूकता प्रदान की जाती है।
वित्तीय वर्ष 2026–27 में धात्री महिलाओं में IFA कवरेज प्रथम तिमाही के 89.5 प्रतिशत से बढ़कर 95 प्रतिशत हो गया है। वहीं 5–9 वर्ष के बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं में भी 95 प्रतिशत तथा 6–59 माह के बच्चों में 66.4 प्रतिशत कवरेज प्राप्त किया गया है।
ऐतिहासिक रूप से उत्तराखण्ड की रैंकिंग वर्ष 2020–21 में 23वें स्थान से सुधरकर प्रथम स्थान पर पहुंची है तथा AMB Index 29 प्रतिशत से बढ़कर 89.2 प्रतिशत हो गया है।
राज्य के सभी 13 जनपदों में विभिन्न विभागों के बीच सुदृढ़ अंतर्विभागीय समन्वय एवं साझा प्रतिबद्धता के साथ शिक्षा, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की उल्लेखनीय सक्रिय सहभागिता ने अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन और सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। साथ ही एविडेंस एक्शन द्वारा उत्तराखण्ड राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन को तकनीकी सहयोगी संस्था के रूप में सहयोग प्रदान किया जा रहा है।
राज्य में एनीमिया की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए नियमित IFA अनुपूरण के साथ हीमोग्लोबिन जांच, एनीमिया की समय पर पहचान, उपचार एवं फॉलोअप पर विशेष जोर दिया जा रहा है। विशेष रूप से 6–59 माह के बच्चों में IFA कवरेज बढ़ाने तथा सभी लाभार्थी वर्गों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
एनीमिया मुक्त भारत अभियान के द्वितीय तिमाही स्कोरकार्ड में उत्तराखण्ड का प्रथम स्थान प्राप्त करना राज्य के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। राज्य का लक्ष्य इस प्रदर्शन को बनाए रखने के साथ-साथ एनीमिया की वास्तविक व्यापकता में कमी लाना, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार करना तथा प्रदेश के नागरिकों की शारीरिक क्षमता एवं कार्यक्षमता को सुदृढ़ करना है। एनीमिया मुक्त उत्तराखण्ड के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सभी संबंधित विभागों, स्वास्थ्य कर्मियों एवं समुदाय की सहभागिता से निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।
मिशन निदेशक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन उत्तराखण्ड, डॉ. संदीप तिवारी ने कहा कि एनीमिया मुक्त भारत अभियान के राष्ट्रीय स्कोरकार्ड में उत्तराखण्ड का 28 राज्यों में प्रथम स्थान प्राप्त करना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। यह उपलब्धि स्वास्थ्य विभाग तथा महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास और शिक्षा विभाग के आपसी समन्वय का परिणाम है। हमारा विशेष ध्यान बच्चों, किशोर-किशोरियों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं में एनीमिया की समय पर पहचान, नियमित जांच, आयरन एवं फोलिक एसिड की उपलब्धता और उपचार सुनिश्चित करने पर है। छह से 59 माह के बच्चों में कवरेज बढ़ाने के लिए भी विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। हमारा लक्ष्य इस उपलब्धि को बनाए रखते हुए एनीमिया मुक्त उत्तराखण्ड के संकल्प को धरातल पर साकार करना है।

More Stories
देहरादून क़ी विकासनगऱ पुलिस के शिकजे मे फंसे तीन शातिर अपराधी,पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक हिस्ट्रीशीटर सहित तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार, पकडे गये आरोपी धरदार खुखरियों के दम पर किसी घटना को देना चाह रहे थे अंजाम, पुलिस क़ी चौकसी के चलते आरोपियों के मंसूबो पर फिर गया पानी.!
लखनऊ मे ऑल इंडिया पत्रकार एकता संघ के नए कार्यालय का जानकी पुरम हुआ भव्य उद्घाटन, उद्घाटन समारोह मे बड़ी संख्या में पत्रकारों ने की शिरकत,.!
विधानसभा निर्वाचन-2027 में शत-प्रतिशत मतदान के लिए ट्रांसजेंडर समुदाय की आइकॉन नामित हुईं रेक्सा दानू.!