
संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) डॉ. अनिता चमोला के निर्देशन में जनपद देहरादून में साप्ताहांत पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान विशेष रूप से होली पर्व के दृष्टिगत अतिरिक्त किराया वसूली की रोकथाम, स्कूली वाहनों की सुरक्षा मानकों की जांच तथा नाबालिग बच्चों द्वारा वाहन चलाने की रोकथाम पर केंद्रित रहा।
यह अभियान ऋषिकेश, देहरादून, विकासनगर सहित जनपद के समस्त क्षेत्रों में संचालित किया गया। एक सप्ताह तक चले इस विशेष अभियान के दौरान लगभग 2100 वाहनों के चालान किए गए तथा 140 वाहनों को सीज (बंद) किया गया।
स्कूली वाहनों की सघन जांच के अंतर्गत 100 से अधिक स्कूल वाहनों के चालान किए गए एवं 50 से अधिक वाहनों को मानकों के उल्लंघन पर बंद किया गया।
जुवेनाइल (18 वर्ष से कम आयु) द्वारा वाहन संचालन के मामलों में विशेष सतर्कता बरती गई। बिना लाइसेंस वाहन चलाते पाए गए 8 मामलों में चालान की कार्यवाही की गई। सभी प्रकरणों को माननीय न्यायालय प्रेषित कर मोटर वाहन अधिनियम, 2019 (संशोधित) के अंतर्गत अभिभावकों के विरुद्ध भी आवश्यक वैधानिक कार्यवाही हेतु अग्रेषित किया गया।
होली पर्व के दौरान कॉन्ट्रैक्ट कैरिज एवं अन्य सार्वजनिक वाहनों में अतिरिक्त किराया वसूली की शिकायतों की रोकथाम हेतु विशेष जांच अभियान चलाया गया। शनिवार एवं रविवार को यह अभियान केवल चालान केंद्रित न होकर वाहनों के भीतर जाकर यात्रियों से किराया संबंधी जानकारी प्राप्त करने तथा वाहन चालकों/परिचालकों को संवेदनशील बनाने पर आधारित रहा। इस सक्रिय एवं मानवीय दृष्टिकोण के परिणामस्वरूप अतिरिक्त किराया वसूली संबंधी शिकायतों में उल्लेखनीय कमी आई है।
इस अभियान में पंकज श्रीवास्तव, एआरटीओ (प्रवर्तन) देहरादून, रश्मि पंत, एआरटीओ ऋषिकेश, एवं अनिल नेगी एआरटीओ (प्रवर्तन) विकासनगर सहित समस्त प्रवर्तन टीमों का सराहनीय योगदान रहा। सभी टीमों द्वारा जनपद के विभिन्न स्थलों पर व्यापक स्तर पर चेकिंग की गई।
परिवहन विभाग द्वारा वाहन चालकों, वाहन स्वामियों, स्कूल वाहन संचालकों एवं अभिभावकों के प्रति अपनी संवेदनशीलता एवं सजगता प्रदर्शित करते हुए स्पष्ट किया गया है कि सड़क सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। आम जनता, विशेषकर यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऐसे अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे.

More Stories
ई-मेल से मसूरी नगर पालिका को बम से उड़ाने की धमकी के बाद मसूरी मे दहशत का माहोल ,पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर सुरक्षा एजेंसियां अलर्टमोड़ पर.!
भारतीय सेना और उत्तराखंड पुलिस मे अपनी सेवाएं देने वाले उप निरीक्षक के निधन से फैली पुलिस विभाग मे शोक की लहर,
नैनीताल पुलिस की तत्परता से पर्यटक महिला को मिला खोया हुआ मंगलसूत्र, राजस्थान से घूमने आई महिला ने बोला थैंक्स मित्र पुलिस.!