
सुनील सोनकर (राष्ट्रीय दिया समाचार ) मसूरी
मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी में रविवार सुबह मौसम ने अचानक ऐसा करवट बदली कि सुबह लोगों को रात जैसा एहसास होने लगा। देखते ही देखते पूरे शहर में घने काले बादल छा गए और विजिबिलिटी लगभग शून्य हो गई। सुबह में ही अंधेरा छाने से लोगों को घरों और दुकानों की लाइटें जलानी पड़ीं। अचानक बदले मौसम ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों को हैरान कर दिया।
सुबह से ही मौसम में बदलाव के संकेत मिलने लगे थे, लेकिन कुछ ही देर में आसमान पूरी तरह काले बादलों से ढक गया। तेज गर्जना और बिजली चमकने के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। कई क्षेत्रों में धुंध और कोहरे के कारण सड़कें भी मुश्किल से दिखाई दे रही थीं, जिससे वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम के इस बदले मिजाज का असर पर्यटन गतिविधियों पर भी देखने को मिला। माल रोड, गन हिल और अन्य पर्यटन स्थलों पर घूम रहे पर्यटक अचानक बारिश और अंधेरे के कारण सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए। कई पर्यटकों ने इस अनोखे मौसम का आनंद भी लिया और मोबाइल कैमरों में मौसम के बदले रंग को कैद किया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मसूरी में मौसम का अचानक बदलना आम बात है, लेकिन सुबह के समय इस तरह दिन में रात जैसा अंधेरा छा जाना बेहद अलग अनुभव रहा। तेज बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी मसूरी और आसपास के क्षेत्रों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। प्रशासन ने लोगों और पर्यटकों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और पहाड़ी मार्गों पर सावधानी से यात्रा करने की अपील की है।

More Stories
एसएसपी दून के निर्देशों पर स्पा सेंटरों की पुलिस द्वारा की गई आकस्मिक चेकिंग, नियमो के उल्लंघन पर 3 स्पा सेंटर संचालकों के विरुद्ध पुलिस एक्ट के तहत की गयी चालानी कार्यवाही
मुख्यमंत्री को महिलाओं ने बांधा रक्षा सूत्र, मुख्यमंत्री ने दी सभी को रक्षा बन्धन की शुभकामनाएं, रक्षा बन्धन पर महिलाओं को दो दिन, परिवहन निगम की बसों में की गई है, निःशुल्क यात्रा की व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने प्रदान की विभिन्न विकास योजनाओं एवं निर्माण कार्यों के लिए ₹ 6 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति