March 23, 2026

rashtriyadiyasamachar

एक राष्ट्र, एक विधान, एक नजर,एक खबर

देश व प्रदेश की जान गई कि उनका विकास भाजपा ही कर सकती हैः विनोद सुयाल

-कहा कि इस उपचुनाव में भी भाजपा का विजय अभियान जारी रहेगा

गोपेश्वर (चमोली)। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विनोद सुयाल ने कहा कि जनता मन बना चुकी है कि भाजपा ही वह पार्टी है जो उनका विकास चाहती है और कर सकती है। जनता ने लोक सभा चुनाव में भाजपा को जीता कर यह साबित कर दिखाया है। उन्होंने कहा कि लोक सभा चुनाव की तरह इस उप चुनाव में भी भाजपा का विजय अभियान जारी रहेगा।

रविवार को गोपेश्वर में बदरीनाथ विधान सभा के उप चुनाव में भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र भंडारी के समर्थन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी लंबे समय से बदरीनाथ विधानसभा क्षेत्र की जनता की सेवा कर रहे है। उन्होंने इस विधानसभा में कई विकास कार्यों को आगे बढ़ाया है। यहां हम सबने डबल इंजन लगाना है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उत्तराखंड राज्य को सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का काम कर रहे हैं। आज उत्तराखंड कई क्षेत्रों में मॉडल राज्य के रूप में आगे आया है।

उन्होंने कहा कि जनता की मांग पर काम करते हुए सरकार ने सबसे पहले प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू किया। यूसीसी लागू करने वाला उत्तराखंड, देश का पहला राज्य बन गया है और इसका गौरव प्रत्येक उत्तराखंडवासी को प्राप्त है। धामी सरकार ने राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है, जिससे अब सरकारी नौकरियों में पूर्ण पारदर्शिता के साथ परीक्षाएं संपन्न हो रही हैं। अब परिश्रम करने वाले छात्र परीक्षा में पास हो रहे हैं। धामी जी के कड़े आदेशों पर राज्य में सरकारी जमीनों पर हुए अतिक्रमण हटाने का काम निरंतर जारी है। अभी तक प्रदेश भर में पांच हजार एकड़ जमीन पर अतिक्रमण हटाया गया हैं। हल्द्वानी के बनपुरा में में कुछ लोगों ने दंगा करने का प्रयास किया था, अब इस तरह की घटना फिर से ना हो उसके लिए मुख्यमंत्री ने दंगारोधी कानून लागू किया गया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं, देश में सीएए कानून लागू किया गया हैं और कश्मीर से धारा 370 को समाप्त कर दिया गया है। तीन तलाक को समाप्त कर दिया गया है। राम भक्तों का राम मंदिर का सपना पूरा हुआ है। उन्होंने कहा तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सबसे पहले पीएम किसान सम्मान निधि की 17वीं किस्त से जुड़ी फाइल पर हस्ताक्षर किए। किसानों का कल्याण प्रधानमंत्री की प्राथमिकता है। उज्जवला योजना, आयुष्मान योजना, लखपति दीदी योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीब कल्याण पर निरन्तर कार्य आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस के लोगों का लोक कल्याण के कार्यों से कोई लेना-देना नहीं है। उत्तराखंड ने लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के झूठ और पाखंड का जवाब दिया है। उन्होंने कहा लोकसभा चुनाव हारने के बाद कांग्रेस लोगों में भ्रम फैला रही है। कांग्रेस के छोटे से बड़े नेता का सुबह से शाम एक ही काम पर जोर रहता है कि भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और परिवारवाद को बढ़ावा देना है। विधानसभा प्रभारी विजय कपरूवान ने कहा कि हम इस उपचुनाव में बहुत मजबूत स्थिति में है हमारे बूथ स्तर पर हमारे कार्यकर्त्ता अपनी अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। इस मौके पर पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रघुबीर बिष्ट, भाजपा मिडिया प्रभारी राजेन्द्र हटवाल, बलबीर घुनियाल, भाजपा जिला कार्यालय प्रभारी विनोद कनवासी, देवी लाल भारती आदि मौजूद थे।

You may have missed

Share