*मेडिकल कालेजों के निर्माण कार्यों
देहरादून, 4 मार्च 2023
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने मेडिकल कालेजों के निर्माण कार्य कर रही कार्यदायी संस्थाओं को चेतावनी देते हुए समय पर निर्माण कार्य पूर्ण करने को कहा। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि समय पर निर्माण कार्य पूर्ण न होने की स्थिति में उनके विरुद्ध कार्रवाई करने से वह पीछे नहीं हटेंगे।
चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने आज यमुना कालोनी स्थित कैम्प कार्यालय में चार मेडिकल कॉलेजों में चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में मेडिकल कालेज अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, रुद्रपुर एवं हरिद्वार के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए डॉ. रावत ने कार्यदायी संस्था उत्तराखंड पेयजल निर्माण निगम एवं उत्तर प्रदेश निर्माण निगम के अधिकारियों को निर्माण कार्यों की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुये जमकर फटकार लगाई। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को समय पर निर्माण कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिये। विभागीय मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इसके बाद भी अगर कार्यदायी संस्थाओं के कार्य में संतोषजनक प्रगति नहीं दिखी तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जायेगी। डॉ. रावत ने कहा कि हरिद्वार मेडिकल कालेज को छोड़कर अन्य तीन मेडिकल कालेजों की कार्य प्रगति संतोषजनक नहीं है, जबकि इन कार्यों के लिये धनराशि की कोई कमी नहीं है। भारत सरकार भी निर्माण कार्य समय पर पूर्ण करने के संबंध में पिछली बैठकों में निर्देश दे चुकी है।
बैठक में उत्तराखंड पेयजल निर्माण निगम के एम.डी. उदय राज सिंह, मुख्य महाप्रबंधक पेयजल निर्माण निगम ई. रजवार, निदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ. आशुतोष सयाना, मेडिकल विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रोफेसर एम.के. पंत सहित विभागीय एवं कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी और वी.पी. सिंह बिष्ट जनसंपर्क अधिकारी/मीडिया प्रभारी उपस्थित रहे।

More Stories
मुख्यमंत्री द्वारा प्रदत्त निर्देशों के क्रम में महानिदेशक सूचना की अध्यक्षता में गठित समितियों द्वारा पत्रकारों के कल्याण एवं सम्मान के लिए लिये गये महत्वपूर्ण निर्णय, पत्रकार कल्याण कोष से नौ दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को ₹ 05-05 लाख की सहायता स्वीकृत किये जाने तथा तीन वरिष्ठ पत्रकारों को पत्रकार सम्मान पेंशन दिए जाने की हुई संस्तुति
हाई प्रोफाइल ड्रग के साथ 1 नशा तस्कर को दून पुलिस ने किया गिरफ्तार, अभियुक्त के कब्जे से 30 लाख रुपये मूल्य की 48.55 ग्राम MDMA तथा 40.75 ग्राम स्मैक हुई बरामद, हाइप्रोफाइल पार्टियों में सप्लाई करने की थी योजना
आम महोत्सव कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने “बीज संजीवनी अभियान” का किया शुभारंभ