May 25, 2026

rashtriyadiyasamachar

एक राष्ट्र, एक विधान, एक नजर,एक खबर

Oplus_16908288

मसूरी में भाजपा कार्यालय न होने पर सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह नाराज, जाम पार्किंग और स्वास्थ्य सुविधाओं पर जताई चिंता, कार्यकर्ताओ से 2027 चुनाव की तैयारियों में जुटने का किया आह्वान !

 

सुनील सोनकर (राष्ट्रीय दिया समाचार ) मसूरी

मसूरी। टिहरी सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह ने मसूरी पहुंचकर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और शहर की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने मसूरी में अब तक भाजपा कार्यालय स्थापित न होने पर नाराजगी जताते हुए इसे जनप्रतिनिधियों की कमी बताया। उन्होंने भाजपा मंडल को जल्द कार्यालय निर्माण की दिशा में कार्य शुरू करने के निर्देश दिए और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

सांसद ने कहा कि पर्यटन नगरी मसूरी में लगातार बढ़ती जाम और पार्किंग की समस्या चिंता का विषय बन चुकी है। उन्होंने कहा कि विकास के साथ व्यवस्थाओं को संभालना भी जरूरी है, अन्यथा पर्यटकों का मसूरी से मोहभंग हो सकता है। उन्होंने बताया कि जल्द संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर मसूरी और आसपास के क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान पर चर्चा की जाएगी।उन्होंने मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण से शहर के नियोजित विकास के लिए मास्टर प्लान लागू करने और गरीबों के लिए हाउसिंग योजना लाने की आवश्यकता बताई। साथ ही अवैध निर्माणों पर प्रभावी रोक लगाने पर भी जोर दिया।

स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर सांसद ने कहा कि मसूरी उप जिला चिकित्सालय में आईसीयू बनने के बावजूद विशेषज्ञ डॉक्टरों और डायलिसिस सुविधा का अभाव दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की आवश्यकता बताई।बैठक में सांसद ने भाजपा कार्यकर्ताओं से 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह पर दिए गए बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में शब्दों की मर्यादा बनाए रखना आवश्यक है और नेताओं को सोच-समझकर बयान देना चाहिए।

You may have missed

Share