राजेन्द्र शिवाली (राष्ट्रीय दिया समाचार) कोटद्वार
कोटद्वार। प्रदेश सरकार की ओर से गढ़वाल के प्रवेश द्वार कोटद्वार को मेडिकल कॉलेज तो नहीं मिला, लेकिन विकास के नाम पर घंटाघर की सौगात जरुर मिलने जा रही है। नजीबाबाद रोड पर लालबत्ती चौक पर घंटाघर बनाने की कवायद शुरू हो गई है। पिछले दिनों जिलाधिकारी डा. आशीष चौहान द्वारा कोटद्वार में घंटाघर बनाए जाने को लेकर कोटद्वार नगर निगम को जगह तलाशने के निर्देश दिए गए थे। आज नगर आयुक्त वैभव गुप्ता के निर्देश पर नगर निगम की टीम सरकारी अमले के साथ लालबत्ती चौक पहुंची और उसने घंटाघर निर्माण को लेकर मौके का स्थलीय निरीक्षण कर नापतोल की कार्यवाही की। लालबत्ती चौक पर घंटाघर के निर्माण से अब वहां वाहनों के आने-जाने के लिए एक ओर जहां गोल चक्कर का भी निर्माण होगा, वहीं आसपास से अतिक्रमण भी हटाया जाएगा। स्थानीय झंडा चौक और लालबत्ती चौराहा कोटद्वार के हृदय स्थली माने जाते हैं। झंडा चौक में 15 अगस्त व 26 जनवरी को तिरंगा फहराया जाता है। झंडा चौक में घंटाघर का निर्माण संभव नहीं है। नगर निगम के पास घंटाघर निर्माण के लिए लालबत्ती चौक के अलावा और कोई जगह नहीं है। क्योंकि लालबत्ती चौक जहां कोटद्वार को भाबर और कण्वघाटी कण्वाश्रम से जोड़ता है, वहीं स्थानीय रेलवे स्टेशन व उत्तराखंड परिवहन निगम के बस अड्डे को भी कवर करता है। माना जा रहा है कि नगर निगम को जिला प्रशासन से अनुमति मिलने के बाद नगर निगम लालबत्ती चौक पर घंटाघर निर्माण के साथ ही सड़क के चौड़ीकरण की कार्यवाही भी शुरू कर देगा।

More Stories
ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान को देहरादून जिला प्रशासन की अनूठी पहल ‘रात्रि चौपाल’ शुरू
मुख्यमंत्री ने पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि, परिजनों को किया सम्मानित, पुलिस विभाग के सुदृढ़ीकरण और कार्मिकों के कल्याण के लिए की आठ घोषणाएं
राजीव गांधी नवोदय विद्यालयों का होगा संपूर्ण कायाकल्प, *उत्कृष्टता केंद्र के रूप में किए जाएँगे विकसित, *मुख्य सचिव ने शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के की बैठक