गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले में सरकारी भूमि-परिसंपत्तियों का डिजिटल लैंड बैंक बनाने और विभागीय परिसंपत्तियों को उचित उपयोग के लिए किराए पर दिए जाने को लेकर जिलाधिकारी हिमांशु खुराना ने बुधवार को समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने निर्देशित किया कि समस्त विभागीय भूमि एवं परिसंपत्तियों का डिजिटल लैंड बैंक शीघ्र तैयार किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि लैंड बैंक के माध्यम से भविष्य में सरकारी भूमि का उपयोग उचित योजना के साथ बुनियादी सुविधाओं की स्थापना के लिए किया जाएगा। विभागों के पास समस्त आवासीय, अनावासीय, खाली भूमि या अन्य किसी भी प्रकार की भूमि जिस पर विभाग का आंशिक या पूर्ण कब्जा हो, उसका सटीक डिजिटल लैंड बैंक तैयार किया जाए। सभी विभाग अपनी परिसंपत्तियों को पोर्टल पर दर्ज करें। कोई भी परिसंपत्ति छूटनी नहीं चाहिए। ताकि भविष्य में अतिक्रमण को रोका जा सके और विकास योजनाओं के लिए सरल और सुगम तरीके से सरकारी भूमि उपलब्ध हो सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि ऐसी भूमि-परिसंपत्तियां जो विभागीय उपयोग में नही है, लेकिन आम जनता के लिए किसी विशेष उद्देश्य से उपयोगी है, उनको चिह्नित कर प्रचार प्रसार करें और विभागीय उपयोग के उपरांत खाली संपत्तियों को आम नागरिकों के उचित उपयोग के लिए किराए पर दिया जाए। इससे विभाग की परिसंपत्तियों का बेहतर उपयोग के साथ राजस्व भी प्राप्त होगा। जिसका 25 प्रतिशत तक विभाग अपनी परिसंपत्तियों के रखरखाव पर खर्च कर सकते है। उन्होंने कहा कि आगे से जिला योजना और अन्य मदों से विभागीय परिसंपत्तियों के रख रखाव के लिए फंड जारी करते समय इसको भी देखा जाएगा कि विभागों ने अपनी परिसंपत्तियों को किराए पर देकर कितनी आय अर्जित की है। उन्होंने निर्देश दिए कि परिसंपत्तियों से आय अर्जित करने के लिए सभी विभागों का न्यूनतम लक्ष्य भी निर्धारित किया जाए। ताकि समय समय पर इसका आकलन भी किया जा सके।
अपर जिलाधिकारी ने बैठक में बताया कि जनपद में अब तक 76 प्रतिशत सरकारी भूमि-परिसंपत्तियों का डिजिटल लैंड बैंक तैयार कर लिया गया है। जनपद के सभी विभागों के पास दर्ज 11682 परिसंपत्तियों में से 8956 परिसंपत्तियों का डिजिटल बाउंड्री बन चुकी है और जल्द ही शेष कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, पीडी आनंद सिंह, सीओ पुलिस अमित कुमार सैनी, एसीएमओ डॉ. एमएस खाती, जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक धर्म सिंह आदि मौजूद थे।

More Stories
मुख्यमंत्री के अनुरोध पर प्रदेश में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्यों की समय-सीमा विस्तार को मिली स्वीकृति
सर्वे ऑफ इंडिया मुख्यालय देहरादून से नही होगा स्थानांतरित, मुख्यमंत्री ने इस संबंध में केन्द्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री से किया था अनुरोध
हल्द्वानी में 21 मार्च को भव्य जनसभा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह होंगे मुख्य अतिथि, सीएम धामी ने कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश