देहरादून
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की कार्यशैली में जनता की समस्याओं को सुनना ही नहीं, बल्कि उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना भी प्राथमिकता में है। सहसपुर में आयोजित सेवा, सुशासन एवं समर्पण ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ बहुउद्देशीय शिविर में मुख्यमंत्री के ‘त्वरित एक्शन’ मॉडल की ऐसी ही तस्वीर सामने आई, जहां सुबह मुख्यमंत्री के सामने रखी गई एक महिला की समस्या का शाम तक समाधान हो गया।
शिविर में स्थानीय निवासी श्रीमती बबली गुप्ता ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर बताया कि वह जूट बैग बनाकर स्वरोजगार के जरिए अपने परिवार की आजीविका मजबूत करना चाहती हैं, लेकिन सिलाई मशीन नहीं होने के कारण उनका प्रयास आगे नहीं बढ़ पा रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महिला की बात को गंभीरता से सुना और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को सिलाई मशीन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के निर्देश मिलते ही सरकारी तंत्र सक्रिय हुआ। अपर सचिव मुख्यमंत्री बंशीधर तिवारी ने तत्परता दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित किया और यह सुनिश्चित किया कि मुख्यमंत्री के निर्देश केवल फाइलों तक सीमित न रहें। उनके प्रभावी समन्वय और निरंतर मॉनिटरिंग के चलते शाम तक श्रीमती बबली गुप्ता को सिलाई मशीन उपलब्ध करा दी गई।
मुख्यमंत्री कार्यालय में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल रहे बंशीधर तिवारी की कार्यशैली की पहचान भी त्वरित निर्णय, बेहतर समन्वय और जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के साथ अंजाम तक पहुंचाने की रही है। इस मामले में भी उन्होंने मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित कर जरूरतमंद महिला तक सहायता पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सुबह फरियाद और शाम तक समाधान की यह तस्वीर मुख्यमंत्री धामी की संवेदनशीलता, त्वरित निर्णय क्षमता और परिणामपरक कार्यशैली को दर्शाती है। साथ ही यह भी बताती है कि मुख्यमंत्री के निर्देशों को धरातल पर उतारने के लिए उनकी टीम भी उसी तत्परता और प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
सिलाई मशीन मिलने के बाद श्रीमती बबली गुप्ता ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की त्वरित कार्रवाई से उनके स्वरोजगार के सपने को नई उड़ान मिली है।

More Stories
हरिद्वार कुंभ-2027 की पहचान को मिलेगा नया विस्तार, मुख्यमंत्री ने किया लोगो, वेबसाइट और गीत का लोकार्पण
राष्ट्रपति भवन से बड़ी खबर, 6 राज्यों में नए राज्यपाल नियुक्त, डॉ. ढाल सिंह बिसेन बने उत्तराखंड के राज्यपाल
यूजेवीएन लिमिटेड ने पंप्ड स्टोरेज परियोजना की दिशा में बढ़ाया कदम, 600 मेगावाट की इछाड़ी पंप्ड स्टोरेज परियोजना की डीपीआर स्वीकृत; लखवाड़ परियोजना के विद्युत यांत्रिक कार्यों को भी मिली मंजूरी