March 12, 2026

rashtriyadiyasamachar

एक राष्ट्र, एक विधान, एक नजर,एक खबर

कांग्रेस ने राज्य की ग्रीष्म कालीन राजधानी खोजने के लिए मोमबत्ती जलाकर निकाला जुलूस

गैरसैण (चमोली)। उत्तराखंड की घोषित ग्रीष्मकालीन राजधानी भरारीसैण गैरसैण को ढूंढने के लिए विधान सभा के मानसून सत्र के पहले दिन बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता गैरसैंण पहुंचे। जहां उन्होंने कैंडिल जलाकर जुलूस निकालते हुए मुख्यमंत्री से सवाल किया कि राज्य की ग्रीष्म कालीन राजधानी कहां है। साथ ही हरीश रावत में रामलीला मैदान में एक घंटे के मौन उपवास भी रखा।

गैरसैण के रामलीला मैदान में जनता और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जहां पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने एक ओर सरकार पर जमकर तंज कसे तो दूसरी ओर गैरसैंण की दुर्दशा पर सरकार को जमकर खरी-खोटी भी सुनायी। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि गैरसैण में एसडीएम, नायब तहसीलदार, खंड शिक्षा अधिकारी और चिकित्सा अधिकारियों के पद प्रभारियों के भरोसे छोड़ दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि 2027 में कांग्रेस की सरकार आएगी और गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने विधानसभा भवन ओर आवासीय भवनों का निर्माण पूरा करने के साथ ही सचिवालय के लिए 57 करोड रुपए मंजूर किए थे। उनकी ओर से बनाए गए टाउन प्लान को भी भाजपा सरकार द्वेष भावना से आगे नहीं बढ़ा रही है। जिससे गैरसैंण की जनता आज भी डॉक्टरों, सड़कों ओर पेयजल के लिए तरस रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने ग्रीष्मकालीन राजधानी के नाम पर 25 हजार करोड़ की घोषणा तो की, लेकिन सात साल बाद भी एक गैरसैंण में एक नई ईंट तक नहीं लगाई है। इस मौके पर हालिया दिनों में उन्होंने सारकोट गांव के शहीद हुए बसुदेव सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम में संबोधित करते हुए पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने कहा कि वर्तमान सरकार गैरसैंण से किनारा करने का हर संभव प्रयास कर रही है, लेकिन कांग्रेस सड़कों पर उतरकर गैरसैंण की लड़ाई को लड़ेगी। धरना प्रदर्शन में गोविंद सिंह कुंजवाल, प्रदीप टम्टा, विधायक द्वाराहाट मदन सिंह बिष्ट, हरिद्वार के फुरकान अहमद, मंगलौर के काजी निजामुद्दीन, जसपुर के आदेश चौहान, हरिद्वार ग्रामीण से अनुपमा रावत, अल्मोड़ा से मनोज तिवारी, धारचूला से हरीश धामी, लोहाघाट से खुशाल सिंह अधिकारी, पूर्व विधायक कपकोट ललित फर्स्वाण, केदारनाथ के पूर्व विधायक मनोज रावत, आनन्द रावत आदि मौजूद थे।

You may have missed

Share