April 22, 2026

rashtriyadiyasamachar

एक राष्ट्र, एक विधान, एक नजर,एक खबर

बाबा केदारनाथ के कपाट खुलने के अवसर पर केदारनाथ धाम पहुंचे सीएम धामी,कपाट खुलने के अवसर पर पूर्ण विधि-विधान से की बाबा केदारनाथ की पूजा-अर्चना !

आज हिमालय की गोद में हर-हर महादेव का नारा गुंजायमान हो गए गुरुवार के दिन दिव्य अनुष्ठानों के बीच श्री केदारनाथ धाम के कपाट खुल गये है*51 क्विंटल फूलों से महका बाबा का दरबार, मा. मुख्यमंत्री ने की लोक-कल्याण की कामना सेना के बैंड और पुष्प वर्षा ने बनाया क्षण को ऐतिहासिक।

अतुलनीय श्रद्धा, अटूट आस्था और ईश्वरीय दिव्यता की अद्भुत त्रिवेणी के साथ आज ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग भगवान श्री केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। प्रातःकाल की प्रथम किरण के साथ ही केदारपुरी की फिजाओं में गूंजते वैदिक मंत्रों और शंखनाद ने एक नए आध्यात्मिक अध्याय का सूत्रपात किया। इस पावन बेला पर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बाबा केदार के चरणों में शीश नवाकर समस्त प्रदेशवासियों की खुशहाली एवं सुख-समृद्धि हेतु प्रार्थना की।श्री केदारनाथ मंदिर को 51 क्विंटल से अधिक देशी-विदेशी फूलों से सजाया गया था।

कपाट खुलने के ऐतिहासिक क्षण पर आसमान से हुई हेलीकॉप्टर द्वारा पुष्प वर्षा ने उपस्थित हजारों श्रद्धालुओं को भक्ति के चरम आनन्द से सराबोर कर दिया। इस अवसर पर सिख लाइट इन्फैंट्री रेजिमेंट के बैंड द्वारा दी गई मधुर प्रस्तुतियों और भक्तिमय धुनों ने हिमालय की चोटियों को भक्ति रस से गुंजायमान कर दिया। संगीत और मंत्रोच्चार के इस संगम ने वातावरण को पूरी तरह अलौकिक बना दिया। कपाट खुलने की प्रक्रिया आज प्रातः 5 बजे से ही पौराणिक परम्पराओं के साथ प्रारम्भ हुई। मुख्य द्वार पर रावल भीमाशंकर लिंग, पुजारी टी गंगाधर, तीर्थ पुरोहितों और वेदपाठियों ने विधि-विधान से पूजा अर्चना की। ठीक 8 बजे शुभ मुहूर्त में मंदिर के मुख्य द्वार भक्तों के दर्शनार्थ खोल दिए गए।

कपाट खुलने के अवसर पर जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर के कुशल निर्देशन में सुरक्षा और व्यवस्था के चाक-चौबंद प्रबन्ध किये गये हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को तरतीबवार दर्शन कराये गये

इस गौरवमयी अवसर पर गीता धामी, बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, विधायक आशा नौटियाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, ब्लॉक प्रमुख ऊखीमठ पंकज शुक्ला सहित बड़ी संख्या में तीर्थ पुरोहित, हक-हकूकधारी और देश-विदेश से आए हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।

 

Share