देहरादून
कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। कार्यक्रम स्थल पर जर्मन हैंगर स्ट्रक्चर की अंतिम फिटिंग के दौरान एल्यूमिनियम का एक भारी पोल (खंभा) अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में आकर 65 वर्षीय वरिष्ठ कांग्रेस नेता अमर मेहता गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल सीएमआई अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान चिकित्सक उन्हें बचा नहीं सके।
जानकारी के अनुसार, अमर मेहता गुरुवार शाम करीब छह बजे अन्य कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बन्नू स्कूल ग्राउंड पहुंचे थे, जहां ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए जर्मन हैंगर स्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा था। पंडाल का निर्माण लगभग पूरा हो चुका था और अंतिम चरण की फिटिंग का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक एल्यूमिनियम का एक खंभा उनके सिर पर आ गिरा, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई।
सीएमआई अस्पताल के वरिष्ठ सर्जन डॉ. महेश कुडियाल के अनुसार, अमर मेहता के सिर में गंभीर चोट लगी थी। उन्हें तत्काल आईसीयू में भर्ती कर विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उपचार दिया गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
अमर मेहता के पुत्र आलोक मेहता महानगर कांग्रेस कमेटी में महामंत्री हैं। घटना के बाद कांग्रेस संगठन में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचे तथा दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की।
पुलिस और प्रशासन ने भी मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। अमर मेहता के शव का पोस्टमार्टम कोरोनेशन अस्पताल में कराया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में यह घटना कार्यक्रम स्थल पर टेंट एवं जर्मन हैंगर स्ट्रक्चर की फिटिंग के दौरान हुए हादसे के रूप में सामने आई है। घटना के बाद कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा मानकों और निर्माण कार्य के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों को लेकर भी गंभीर सवाल उठने लगे हैं।

More Stories
श्रावणी मेले का हुआ शुभारंभ, मुख्यमंत्री ने जागेश्वर धाम में की पूजा-अर्चना
मुख्यमंत्री ने वृद्ध जागेश्वर में की पूजा-अर्चना, प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।
मुख्य सचिव ने किया लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना का स्थलीय निरीक्षण