
देहरादून
राजधानी देहरादून के नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-34 स्थित शांति विहार, गोविंदगढ़ में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराती नजर आ रही है। क्षेत्र में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं, वहीं नालियों में कूड़ा जमा होने के कारण नालियां चोक हो गई हैं। इससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि वार्ड की सफाई व्यवस्था को लेकर जिम्मेदार पार्षद गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। लोगों का कहना है कि वार्ड की मूलभूत समस्याओं पर ध्यान देने के बजाय अन्य गतिविधियों को प्राथमिकता दी जा रही है। वहीं, वार्ड में तैनात सफाई सुपरवाइजर की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि सुपरवाइजर का अपने सफाई कर्मचारियों पर कोई प्रभावी नियंत्रण नहीं है, जिसके चलते सफाई व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है।
हैरानी की बात यह है कि स्थानीय लोग इस समस्या को लेकर कई बार नगर निगम के अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ है। सफाई व्यवस्था बदहाल होने से लोगों में नगर निगम प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
अब क्षेत्रवासियों ने इस समस्या को लेकर आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो वे नगर निगम कार्यालय पहुंचकर संबंधित अधिकारियों का घेराव करेंगे।
अब सवाल यह है कि क्या नगर निगम प्रशासन किसी बड़े विरोध का इंतजार कर रहा है? आखिर वार्ड-34 के लोगों को स्वच्छ वातावरण और बेहतर सफाई व्यवस्था कब मिलेगी?

More Stories
कार्मिकों की सूची उपलब्ध न कराने वाले विभागों पर जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी सख्त, आरपी एक्ट-1950 के तहत कार्रवाई के निर्देश
सेलाकुई क्षेत्र से नाबालिग बालिका को भगाकर ले जाने वाले शातिर अभियुक्त को दून पुलिस ने गुजरात के सूरत से किया गिरफ्तार
*मुख्यमंत्री धामी ने श्रीनगर में बैकुंठ चतुर्दशी मेले एवं विकास प्रदर्शनी का किया शुभारंभ