May 27, 2026

rashtriyadiyasamachar

एक राष्ट्र, एक विधान, एक नजर,एक खबर

परिवहन मंत्री ने सम्भागीय परिवहन कार्यालय में ‘हाईटेक डिजिटल लॉबी’ का किया शुभारम्भ,अब नागरिकों को मिलेगी आधुनिक एवं पारदर्शी सेवाएं

आज सम्भागीय परिवहन कार्यालय, देहरादून में नागरिक सुविधाओं को अधिक सरल, पारदर्शी एवं तकनीक आधारित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ‘हाईटेक डिजिटल लॉबी’ का शुभारम्भ श्री प्रदीप बत्रा, मा० परिवहन मंत्री, उत्तराखण्ड सरकार द्वारा श्री बृजेश कुमार संत, सचिव/आयुक्त परिवहन, उत्तराखण्ड की गरिमामयी उपस्थिति में कार्यालय में पूजा अर्चना के साथ किया गया।

“हाईटेक डिजिटल लॉबी” के शुभारम्भ के साथ ही मंत्री जी द्वारा निखिल शर्मा, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) हरिद्वार द्वारा तैयार “टोकन सिस्टम को भी प्रदर्शित किया गया, जिसे सम्भागीय परिवहन कार्यालय, देहरादून में भी प्रारम्भ किया जा रहा है। इस अवसर पर परिवहन मंत्री द्वारा इस पहल की सराहना करते हुये अपने सम्बोधन में इस पहल को विभाग की आधुनिक सोच, पारदर्शिता तथा जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया गया। मंत्री जी द्वारा यह भी बताया गया कि डिजिटल तकनीक के माध्यम से विभागीय कार्यप्रणाली में दक्षता, पारदर्शिता एवं सुगमता सुनिश्चित होगी, जिससे आमजन को बेहतर सेवाओं का लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि हाईटेक डिजिटल लॉबी केवल एक आधुनिक व्यवस्था नहीं, बल्कि भविष्य की स्मार्ट एवं नागरिक केंद्रित सेवाओं की मजबूत नींव है। मंत्री जी द्वारा विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल भविष्य में नवाचार एवं उत्कृष्ट सेवाओं का नया अध्याय स्थापित करेगी तथा विभाग की कार्यक्षमता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी। साथ ही नागरिकों के अनुभव को और अधिक सहज, सरल एवं प्रभावी बनाया जा सकेगा।

परिवहन विभाग द्वारा शुरू की गई इस डिजिटल व्यवस्था से नागरिकों को विभिन्न सेवाओं की जानकारी, आवेदन प्रक्रिया एवं अन्य सुविधाएं तकनीक के माध्यम से अधिक सुगमता से उपलब्ध हो सकेंगी। विभाग का उद्देश्य आमजन को समयबद्ध, पारदर्शी एवं आधुनिक सेवाएं प्रदान करना है।

“हाईटेक डिजिटल लॉबी के लोकार्पण के उपरान्त मा० मंत्री जी द्वारा कार्यालय के समस्त अनुभागों का निरीक्षण किया गया तथा सभी पटल प्रभारी/अधिकारी/कार्मिकों को निर्धारित समय पर कार्यालय में उपस्थित रहने, कार्यालय परिसर में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने एवं जनमानस से कार्यों को त्वरित रूप से निस्तारित किये जाने के निर्देश दिये गये।

उक्त कार्यक्रम में अपर परिवहन आयुक्त, सनत कुमार सिंह, संयुक्त परिवहन आयुक्त, राजीव कुमार मेहरा, उपायुक्त, परिवहन, सुनील शर्मा, सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन), देहरादून सम्भाग, संदीप सैनी, सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा), देहरादून सम्भाग, डॉ० अनीता चमोला, तथा सम्भाग के सभी सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी, (प्रशासन / प्रवर्तन) एवं कार्यालय के समस्त अधिकारी / कार्मिक उपस्थित रहे।

You may have missed

Share