February 13, 2026

rashtriyadiyasamachar

एक राष्ट्र, एक विधान, एक नजर,एक खबर

Oplus_16908288

मसूरी वासियो को मिली दो नई डिस्पेंसरी की सौगात, नगर पालिका बोर्ड का एक साल रहा बेमिसाल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का शुभारंभ !

सुनील सोनकर (राष्ट्रीय दिया समाचार) मसूरी

मसूरी नगर पालिका परिषद के वर्तमान बोर्ड के एक वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के अवसर पर नगर को बड़ी सौगात मिली। मसूरी विधायक एवं कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने संयुक्त रूप से बार्लोगंज और हुसैनगंज में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत दो अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का विधिवत शुभारंभ किया। इन डिस्पेंसरी में आमजन को प्राथमिक उपचार के साथ-साथ आवश्यक जांच, दवाइयां एवं टेस्ट निशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे विशेषकर गरीब और मध्यम वर्ग को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

टाउन हॉल में विकास की झलक, दिखाई गई एक साल की डॉक्यूमेंट्री

नगर पालिका टाउन हॉल में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान नगर पालिका प्रशासन द्वारा बीते एक वर्ष में किए गए विकास कार्यों पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई। डॉक्यूमेंट्री में मसूरी माल रोड को फ्री वेंडर जोन घोषित करने, पटरी व्यापारियों के लिए नए पालिका बाजार के निर्माण, गली-मोहल्लों की सड़कों के सुधार, दूर-दराज क्षेत्रों से कूड़ा उठान व्यवस्था को सुदृढ़ करने जैसे कई महत्वपूर्ण कार्यों को दर्शाया गया।

कर्मचारियों को मिला सम्मान और बेहतर वेतन

पूर्व में चली आ रही अनियमितताओं को समाप्त करते हुए नई नीति के तहत सफाई कर्मचारियों को अब 17,000 रुपये मानदेय के साथ कई सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। स्वच्छता सर्वेक्षण में नगर पालिका के प्रथम स्थान पर आने पर मिले 25 लाख रुपये के पुरस्कार में से 12.30 लाख रुपये कर्मचारियों को प्रोत्साहन राशि के रूप में वितरित किए गए।

 

मीरा सकलानी का स्पष्ट संदेश

नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि उनका एकमात्र लक्ष्य मसूरी का चौमुखी विकास है और कार्यों में निरंतर तेजी लाई जा रही है। उन्होंने विपक्ष के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि पूर्व पालिका अध्यक्ष के कार्यकाल में हुए भ्रष्टाचार के मामलों पर शासन स्तर पर कार्रवाई चल रही है और जल्द परिणाम सामने आएंगे। जनता ने भ्रष्टाचार को नकारते हुए सही निर्णय लिया है।

ट्रिपल इंजन सरकार से मिल रहा विकास का लाभरू गणेश जोशी

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने नगर पालिका बोर्ड के एक वर्ष के कार्यकाल को बेमिसाल बताते हुए कहा कि मसूरी में भाजपा का ट्रिपल इंजन (केंद्र, प्रदेश और निकाय) पूरी रफ्तार से काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि मसूरी को बेहतर मूलभूत सुविधाएं, ट्रैफिक जाम से निजात और शहर के सुनियोजित विकास के लिए कई योजनाओं पर कार्य चल रहा है, जो जल्द धरातल पर उतरेंगी। जोशी ने पालिका अध्यक्ष से अपील की कि वे राजनीतिक आरोपों को नजरअंदाज कर जनता की आवाज बनकर कार्य करती रहें। उन्होंने भरोसा जताया कि 2027 में भी उत्तराखंड में भाजपा की सरकार जनता के सहयोग से बनेगी।

You may have missed

Share