
राजीव भार्गव (राष्ट्रीय दिया समाचार ) देहरादून
उत्तराखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है और प्रदेशभर में बारिश का सिलसिला लगातार जारी है। पहाड़ से लेकर मैदान तक रुक-रुक कर हो रही वर्षा ने मौसम को सुहावना बना दिया है, वहीं कई इलाकों में जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार गुरुवार (23 जुलाई) को भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कई स्थानों पर तेज बौछारें पड़ने की संभावना है। विभाग ने आकाशीय बिजली चमकने, गर्जन और कुछ स्थानों पर वर्षा के तीव्र दौर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही देहरादून, बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी भी दी गई है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 29.5 मिमी वर्षा देहरादून के हाथीबड़कला क्षेत्र में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा मालदेवता में 18 मिमी, विकासनगर में 17 मिमी, कांडा में 16 मिमी, चौखुटिया में 16 मिमी और देवीधुरा में 15 मिमी बारिश दर्ज की गई। कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के अनेक अन्य क्षेत्रों में भी हल्की वर्षा रिकॉर्ड की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और उमस से राहत मिली।मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश में आगामी 26 जुलाई तक मानसून की सक्रियता बनी रहने की संभावना है। इस दौरान पर्वतीय जिलों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं तेज बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं मैदानी जिलों में भी कई स्थानों पर वर्षा होने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर बारिश की तीव्रता अधिक रहने के साथ आकाशीय बिजली चमकने और गर्जन की घटनाएं भी हो सकती हैं।राजधानी देहरादून, मसूरी और ऋषिकेश सहित आसपास के इलाकों में बादलों का डेरा बना हुआ है। बीते दिन दिनभर धूप और बादलों की आंख-मिचौली के बीच कई दौर की झमाझम बारिश हुई, जिससे शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली। मौसम विभाग ने गुरुवार को भी देहरादून में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं हरिद्वार और रुड़की क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। रुड़की में बुधवार को राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 34.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, हालांकि बारिश के कारण तापमान में गिरावट आने की संभावना है।मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी वर्षा के साथ आकाशीय बिजली चमकने, गर्जन और अति तीव्र वर्षा के दौर देखने को मिल सकते हैं। लगातार हो रही बारिश के कारण संवेदनशील पर्वतीय मार्गों पर भूस्खलन और मलबा आने का खतरा भी बना हुआ है, जिससे यातायात प्रभावित हो सकता है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों और बरसाती गधेरों के आसपास जाने से परहेज करें तथा मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें। विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले यात्रियों और स्थानीय लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

More Stories
हिमाचल के किन्नौर मे बदल फटने से मची तबाही, 18 मकान 9 गौशाला और एक स्कुल मलबे मे हुए दफ़न, शासन प्रसासन राहत बचाव कार्य मे जुटा.!
मुख्यमंत्री द्वारा प्रदत्त निर्देशों के क्रम में महानिदेशक सूचना की अध्यक्षता में गठित समितियों द्वारा पत्रकारों के कल्याण एवं सम्मान के लिए लिये गये महत्वपूर्ण निर्णय, पत्रकार कल्याण कोष से नौ दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को ₹ 05-05 लाख की सहायता स्वीकृत किये जाने तथा तीन वरिष्ठ पत्रकारों को पत्रकार सम्मान पेंशन दिए जाने की हुई संस्तुति
हाई प्रोफाइल ड्रग के साथ 1 नशा तस्कर को दून पुलिस ने किया गिरफ्तार, अभियुक्त के कब्जे से 30 लाख रुपये मूल्य की 48.55 ग्राम MDMA तथा 40.75 ग्राम स्मैक हुई बरामद, हाइप्रोफाइल पार्टियों में सप्लाई करने की थी योजना