September 19, 2026

rashtriyadiyasamachar

एक राष्ट्र, एक विधान, एक नजर,एक खबर

Oplus_16908288

मसूरी नगर पालिका के नामित पांच सभासदों ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ.!

सुनील सोनकर (राष्ट्रीय दिया समाचार ) मसूरी

मसूरी। नगर पालिका परिषद मसूरी में शासन द्वारा नामित पांच सभासदों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में कैबिनेट मंत्री एवं मसूरी विधायक गणेश जोशी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन ने कुशल राणा, विजय रामोला, अनीता धनाई, अनिल गोयल और विजय बिंदवाल को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सभी नवनामित सभासदों को बधाई देते हुए कहा कि उन्हें जनहित को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा नामित सभासद सरकार और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में काम कर सकते हैं। मसूरी की समस्याओं को नगर पालिका और शासन तक पहुंचाने के साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने में भी अपनी भूमिका निभाएं।

मंत्री ने कहा कि मसूरी पर्यटन नगरी होने के साथ ही यहां बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी रहते हैं। ऐसे में पेयजल, सड़क, यातायात, सफाई, पार्किंग और अन्य जनसमस्याओं के समाधान के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने की आवश्यकता है। उन्होंने सभासदों से क्षेत्र की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके समाधान के लिए पालिका और शासन के स्तर पर प्रभावी पैरवी करने का आह्वान किया।

नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने भी सभी नामित सभासदों का स्वागत करते हुए कहा कि पालिका और शासन के बीच बेहतर समन्वय से मसूरी के विकास को गति दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि सभी सभासद दलगत भावना से ऊपर उठकर जनहित में कार्य करें और जनता की समस्याओं को पालिका तक पहुंचाने के साथ उनके समाधान के लिए सहयोग करें।उन्होंने कहा कि नामित सभासदों के अनुभव और सहयोग से नगर पालिका को शहर के विकास और जनसमस्याओं के समाधान में मदद मिलेगी।

You may have missed

Share