October 17, 2026

rashtriyadiyasamachar

एक राष्ट्र, एक विधान, एक नजर,एक खबर

मसूरी में अंकित भंडारी को न्याय और एमडीडीए की कार्रवाई पर कांग्रेस ने उठाए सवाल नोटिस से परेशान भवन स्वामियों के समर्थन में उतरी कांग्रेस, निर्माण के समय अधिकारियों की भूमिका पर भी मांगा जवाब.!

सुनील सोनकर (राष्ट्रीय दिया समाचार ) मसूरी

मसूरी में अंकित भंडारी प्रकरण में न्याय की मांग और आवासीय भवनों में व्यावसायिक गतिविधियों को लेकर एमडीडीए की कार्रवाई के मुद्दे पर कांग्रेस ने भाजपा सरकार को घेरा। शहर कांग्रेस कमेटी की प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व मंडी परिषद सभापति उपेंद्र थापली सहित पार्टी नेताओं ने अंकित भंडारी मामले में निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। वहीं, एमडीडीए की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए निर्माण के समय अधिकारियों की निगरानी और जवाबदेही तय करने की मांग की। उपेंद्र थापली ने कहा कि अंकित भंडारी प्रकरण में कथित वीआईपी की भूमिका से जुड़े सवालों का स्पष्ट जवाब सामने आना चाहिए। उन्होंने दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाए जाने पर आपत्ति जताते हुए कहा कि मामले में उठ रहे सवालों की निष्पक्ष जांच जरूरी है। कांग्रेस नेताओं ने अंकित के माता-पिता की न्याय की मांग का समर्थन करते हुए सीबीआई जांच के संबंध में दिए गए आश्वासन पर ठोस प्रगति की मांग की। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मुद्दे पर अपना आंदोलन जारी रखेगी।

कांग्रेस नेताओं ने आवासीय भवनों में व्यावसायिक गतिविधियों को लेकर एमडीडीए की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि नियमों का उल्लंघन हुआ तो निर्माण के समय संबंधित अधिकारियों ने कार्रवाई क्यों नहीं की? उन्होंने कहा कि नियमों का पालन जरूरी है, लेकिन कार्रवाई पारदर्शी और समान होनी चाहिए तथा भवन स्वामियों को अपना पक्ष रखने का अवसर मिलना चाहिए। शहर कांग्रेस महिला अध्यक्ष जसबीर कौर ने कहा कि मसूरी में नोटिफाइड और डीनोटिफाइड क्षेत्रों से जुड़ी प्रक्रिया तथा टाउनशिप प्लान को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। उन्होंने सरकार से भवन निर्माण और भूमि उपयोग के लिए स्पष्ट नीति बनाने की मांग की, ताकि स्थानीय लोगों और कारोबारियों को अनिश्चितता का सामना न करना पड़े। प्रेस कॉन्फ्रेंस में जसबीर कौर, अमित गुप्ता और महेश चंद सहित अन्य कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अंकित भंडारी प्रकरण में न्याय और मसूरी के स्थानीय मुद्दों पर पार्टी आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार की नीतियों को मुद्दा बनाने और जनता के बीच जाने की बात भी कही।

Share