
सुनील सोनकर (राष्ट्रीय दिया समाचार ) मसूरी
मसूरी गोलीकांड की 32वीं बरसी पर बुधवार को शहीद स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में आंदोलन के शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। शहीदों के परिजनों ने उनके चित्रों पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी समेत विभिन्न सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
खराब मौसम के कारण मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मसूरी नहीं पहुंच सके। उन्होंने वर्चुअल माध्यम से शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए राज्य आंदोलन के शहीदों और उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आंदोलनकारियों और शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य पहाड़ के लोगों को रोजगार और विकास के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। इसके लिए छोटे उद्योगों, होमस्टे समेत विभिन्न योजनाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है। राज्य आंदोलनकारियों को क्षैतिज आरक्षण और सरकारी सेवाओं में आरक्षण का लाभ भी दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि सरकार मसूरी के विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से प्रस्तावित भिलाडू स्टेडियम के निर्माण में वन विभाग की एनओसी बड़ी बाधा बनी हुई थी, लेकिन अब अनापत्ति प्रमाणपत्र मिल गया है। जल्द ही स्टेडियम का निर्माण शुरू कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि गढ़वाल सभा के भवन के निर्माण को लेकर भी प्रयास जारी हैं और जल्द ही प्रस्ताव कैबिनेट में लाया जाएगा।
वहीं, कार्यक्रम में मौजूद राज्य आंदोलनकारियों और विपक्षी नेताओं ने सरकार के दावों पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार विकास के नाम पर केवल घोषणाएं कर रही है, जबकि धरातल पर स्थिति अलग है। आंदोलनकारियों ने कहा कि राज्य गठन के 26 वर्ष बाद भी शहीदों और आंदोलनकारियों के सपनों का उत्तराखंड नहीं बन पाया है। उन्होंने आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण की प्रक्रिया अब तक पूरी नहीं होने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
विपक्षी नेताओं ने कहा कि सरकार को शहीदों के नाम पर राजनीति करने के बजाय उनके सपनों को धरातल पर उतारने की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए। उन्होंने मसूरी में हो रहे निर्माण और विकास कार्यों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि विकास के नाम पर पर्यावरण और पहाड़ को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।

More Stories
मसूरी में मनाया गया गोरखाली तीज महोत्सव, नेपाल आपदा मे मारे गये दिवंगतों को दी श्रद्धांजलि. !
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की श्री केदारनाथ धाम यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा,द्वितीय चरण की यात्रा को लेकर सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश, श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता.!
मुज़फ्फरनगर की थाना रामराज व एसओजी देहात की संयुक्त कार्यवाही, महिला से लॉकेट छीनने वाले 03 अभियुक्त दौराने पुलिस मुठभेड गिरफ्तार (पुलिस मुठभेड में 01 अभियुक्त हुआ घायल),आरोपियों के कब्जे से छीना गया लॉकेट, 02 तमंचे मय 03 जिन्दा व 01 खोखा कारतूस 315 बोर, 01 चाकू व घटना में प्रयुक्त 01 मोटरसाइकिल टीवीएस राइडर बिना नम्बर प्लेट बरामद ।