September 20, 2026

rashtriyadiyasamachar

एक राष्ट्र, एक विधान, एक नजर,एक खबर

कैनाल रोड पर यातायात बाधित करने वाले ब्लिंकिट स्टोर के विरुद्ध परिवहन विभाग ने की सख्त कार्रवाई,फुटपाथ पर राइडर्स के वाहन खडे मिलने पर हुई कार्यवाही ;यातायात के नियमों का उल्लंघन मिलने पर किये चालान, स्टोर प्रबंधन को भी जारी होगा नोटिस,विद्यालयों के निकट बच्चों और पैदल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग सख्त.!

 

 

देहरादून। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा), देहरादून डॉ. अनीता चमोला के दिशा-निर्देशों के क्रम में प्रज्ञा पंत, परिवहन कर अधिकारी एवं इंटरसेप्टर प्रभारी, देहरादून तथा उनकी टीम द्वारा कैनाल रोड स्थित ब्लिंकिट स्टोर का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान स्टोर के बाहर सड़क किनारे एवं फुटपाथ पर बड़ी संख्या में ब्लिंकिट राइडर्स के दोपहिया वाहन अव्यवस्थित रूप से खड़े पाए गए। इससे सड़क पर यातायात का सुचारु संचालन प्रभावित हो रहा था और मार्ग पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही थी।

 

*विद्यालयों के पास फुटपाथ अवरुद्ध, बच्चों की सुरक्षा पर खतरा*

 

निरीक्षण स्थल के निकट दो विद्यालय स्थित हैं, जिनमें बड़ी संख्या में छोटे बच्चे अध्ययनरत हैं। फुटपाथ पर वाहन खड़े होने के कारण बच्चों एवं अन्य पैदल यात्रियों के सुरक्षित आवागमन के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध नहीं था। ऐसी स्थिति में पैदल यात्रियों को सड़क पर चलने के लिए विवश होना पड़ रहा था, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी।

 

*राइडर्स और वाहनों के दस्तावेजों की हुई जांच*

 

प्रवर्तन टीम ने मौके पर उपस्थित राइडर्स के ड्राइविंग लाइसेंस तथा वाहनों के पंजीकरण एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। प्रारंभिक जांच में कुछ वाहनों के पंजीकरण संबंधी दस्तावेज उपलब्ध नहीं पाए गए। कुछ राइडर्स के लर्निंग लाइसेंस पर अथवा वैध ड्राइविंग लाइसेंस प्रस्तुत किए बिना वाहन संचालित करने की जानकारी भी सामने आई। संबंधित तथ्यों का सत्यापन करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए गए वाहनों के विरुद्ध आवश्यकतानुसार चालान की कार्रवाई भी की गई।

 

*स्थानीय निवासियों ने पूर्व में भी की थी शिकायत*

 

स्थानीय निवासियों ने प्रवर्तन टीम को बताया कि स्टोर के बाहर राइडर्स के वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग और उससे उत्पन्न यातायात समस्या के संबंध में पूर्व में भी स्टोर प्रबंधन से शिकायत की गई थी, लेकिन समस्या का प्रभावी समाधान नहीं किया गया।

 

*पार्किंग नियंत्रण के लिए नहीं था कोई सुरक्षा गार्ड*

 

स्टोर मैनेजर से प्रतिष्ठान की लोकेशन का चयन करते समय पार्किंग एवं यातायात प्रबंधन के लिए किए गए प्रबंधों की जानकारी मांगी गई। मैनेजर ने बताया कि स्टोर नया है तथा स्टोर के बाहर राइडर्स के वाहनों की पार्किंग और यातायात व्यवस्था नियंत्रित करने के लिए अभी तक किसी गार्ड की नियुक्ति नहीं की गई है।

प्रवर्तन टीम द्वारा ब्लिंकिट स्टोर प्रबंधन को राइडर्स के वैध ड्राइविंग लाइसेंस, वाहनों के आवश्यक दस्तावेज, सुरक्षित पार्किंग व्यवस्था तथा सड़क एवं फुटपाथ को बाधामुक्त रखने के संबंध में नोटिस जारी किया जाएगा।

 

*सुरक्षा से समझौता स्वीकार नहीं: डॉ. अनीता चमोला*

 

*संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा), देहरादून डॉ. अनीता चमोला ने कहा—*

 

“सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों एवं डिलीवरी सेवा प्रदाताओं की जिम्मेदारी है कि उनके संचालन से सार्वजनिक सड़क, फुटपाथ अथवा यातायात व्यवस्था बाधित न हो। प्रत्येक राइडर के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस तथा वाहन से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज होना अनिवार्य है। विद्यालयों के आसपास बच्चों एवं पैदल यात्रियों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन चालकों के साथ प्रतिष्ठान प्रबंधन की जवाबदेही भी निर्धारित करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।”

 

*ऐसे प्रतिष्ठानों के विरुद्ध जारी रहेगा अभियान*

 

RTO प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि सड़क एवं फुटपाथ पर अव्यवस्थित पार्किंग, बिना वैध दस्तावेज अथवा ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन संचालन तथा स्कूली बच्चों और आमजन की सुरक्षा को प्रभावित करने वाली गतिविधियों के विरुद्ध निरीक्षण एवं प्रवर्तन की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

You may have missed

Share