
आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित, दुर्घटनामुक्त एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराए जाने के उद्देश्य से आज दिनांक 29.06.2026 को अपर पुलिस महानिदेशक यातायात, उत्तर प्रदेश श्री ए. सतीश गणेश जनपद मुजफ्फरनगर पहुंचे। इस दौरान पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र, सहारनपुर अभिषेक सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा, पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
सर्वप्रथम अपर पुलिस महानिदेशक को गार्द द्वारा सलामी दी गई। तत्पश्चात उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग-58 स्थित सम्पूर्ण कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण करते हुए उत्तर प्रदेश–उत्तराखण्ड सीमा स्थित भूराहेड़ी चेक पोस्ट तक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। भूराहेड़ी चेक पोस्ट जनपद मुजफ्फरनगर का प्रमुख प्रवेश बिंदु है, जहां से उत्तराखण्ड से आने वाले कांवड़ श्रद्धालु जनपद की सीमा में प्रवेश करते हैं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चेक पोस्ट पर सुरक्षा प्रबंध, बैरिकेडिंग, डायवर्जन प्लान, सीसीटीवी मॉनिटरिंग, कंट्रोल व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस महानिदेशक द्वारा थाना पुरकाजी, छपार, नई मण्डी, मंसूरपुर, खालापार एवं कोतवाली नगर क्षेत्र में पड़ने वाले सम्पूर्ण कांवड़ मार्ग एवं प्रमुख चौराहों/तिराहों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने सिसौना कट, बागोवाली कट, शिव चौक तथा रामपुर तिराहा सहित प्रमुख स्थलों पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। शिव चौक, जहां बड़ी संख्या में कांवड़ श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक कर अपनी यात्रा को आगे बढ़ाते हैं, वहां की व्यवस्थाओं का भी विशेष रूप से निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अपर पुलिस महानिदेशक ने अधिकारियों से कांवड़ यात्रा के दौरान संभावित श्रद्धालुओं की संख्या, रूट मैनेजमेंट, भीड़ नियंत्रण, आपातकालीन सेवाओं, चिकित्सा सहायता, अग्निशमन व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंधों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की साथ ही बताया कि संबंधित जनपदों एवं उत्तराखण्ड पुलिस के साथ निरंतर समन्वय एवं सूचनाओं का आदान-प्रदान बनाए रखा जाए, जिससे किसी भी स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की जा सके। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को असुविधा न हो तथा यातायात व्यवस्था हर स्थिति में सुचारु एवं निर्बाध बनी रहे इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा प्रत्येक व्यवस्था का समय रहते परीक्षण एवं सत्यापन सुनिश्चित कर लिया जाए साथ ही दुर्घटनारहित एवं शांतिपूर्ण कांवड़ यात्रा सम्पन्न कराने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गये।

More Stories
राष्ट्रीय सांख्यिकी दिवस पर पद्म विभूषण प्रशांत चंद्र महालनोबिस को दीं श्रद्धांजलि, प्रशासनिक आंकड़ों की क्षमता के प्रभावी उपयोग पर दिया गया जोर.!
दून पुलिस ने निभाया मानवता का कर्तव्य, लावारिस शव का पूरे धार्मिेक विधि-विधान के साथ किया अन्तिम संस्कार
मुख्यमंत्री धामी ने खटीमा के लोहियाहेड वाटर बाईपास का किया स्थलीय निरीक्षण