
सुनील सोनकर (राष्ट्रीय दिया समाचार ) मसूरी
मसूरी। रंगों के पर्व होली की उमंग और सामाजिक सद्भाव का सुंदर संगम उस समय देखने को मिला जब मसूरी नगर पालिका की पूर्व सभासद सरिता पवार द्वारा लक्ष्मी नारायण मंदिर के सभागार में भव्य महिला होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, बच्चों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर पर्व की गरिमा को और बढ़ाया। समारोह का शुभारंभ मसूरी से कांग्रेस विधायक जोत सिंह गुनसोला और पूर्व पालिका अध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद महिलाओं और बच्चों ने एक-दूसरे पर फूलों की वर्षा कर होली का आगाज़ किया। पूरा सभागार “होली है” के उल्लास से गूंज उठा।
कार्यक्रम में पारंपरिक रंगों की जगह फूलों की होली खेली गई, जिसने वातावरण को सौहार्दपूर्ण और आध्यात्मिक बना दिया। महिलाओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर गले मिलते हुए भाईचारे और एकता का संदेश दिया। बच्चों ने सांस्कृतिक गीतों और लोकनृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। उनकी प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया।
पूर्व सभासद सरिता पवार ने कहा कि होली केवल रंगों का नहीं, बल्कि प्रेम, सद्भाव और सामाजिक समरसता का पर्व है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस आयोजन का कोई राजनीतिक उद्देश्य नहीं है, बल्कि वह हर वर्ष इसी भावना के साथ यह कार्यक्रम आयोजित करती हैं ताकि समाज में आपसी मेलजोल बढ़े और महिलाएं एक मंच पर आकर उत्सव मना सकें। उन्होंने कहा कि मसूरी में सभी समुदायों के लोग वर्षों से मिल-जुलकर होली मनाते आए हैं और यही इस पर्व की सबसे बड़ी विशेषता है।
मुख्य अतिथि विधायक जोत सिंह गुनसोला और पूर्व पालिका अध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल ने उपस्थित जनसमूह को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कुछ लोग त्योहारों को राजनीतिक रंग देने का प्रयास करते हैं, लेकिन होली का असली स्वरूप प्रेम और भाईचारे में है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव सामाजिक एकता और सौहार्द की पक्षधर रही है। साथ ही आगामी 2027 के चुनावों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता पूरी तरह तैयार हैं और प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है। उनके अनुसार वर्तमान परिस्थितियों में प्रदेश विकास की गति से पीछे छूट रहा है और जनता इसका जवाब आने वाले समय में देगी

More Stories
रानीपोखरी क्षेत्र में हुई हत्या की घटना का दून पुलिस ने किया खुलासा, घटना को अंजाम देने वाले अभियुक्त को पुलिस ने किया गिरफ्तार
एसएसपी देहरादून के निर्देशो पर पीजी/ हॉस्टल संचालकों के साथ पुलिस ने की गोष्टी, पीजी/ हॉस्टल में रहने वाले सभी छात्रों के अनिवार्य तौर पर सत्यापन करवाने के दिये निर्देश
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के आवास पर पारंपरिक रंगों के साथ मना होली मिलन समारोह, आवास पर कुमाऊँनी और गढ़वाल के राठ होलियारों ने बिखेरे होली के रंग