March 20, 2026

rashtriyadiyasamachar

एक राष्ट्र, एक विधान, एक नजर,एक खबर

अच्छी खबरः गर्भवती महिलाओं के लिए स्वास्थ्य विभाग ने बनाया जन्म प्रतिक्षा गृह

गोपेश्वर (चमोली)। राष्ट्रीय मातृ स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने और स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच में सुधार के लिए दूरदराज क्षेत्रों के उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं को प्रसव की संभावित तिथि से पूर्व स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नंदानगर में जन्म प्रतिक्षा गृह (बर्थ वेटिंग होम) की स्थापना की गई है।

जानकारी देते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी चमोली डा. राजीव शर्मा ने बताया कि दूरस्थ एवं विषम भौगोलिक परिस्थिति क्षेत्र में रहने वाली गर्भवती महिलाओं को चिकित्सीय देखभाल एवं प्रसव पूर्व गर्भवती महिलाओं के गृह प्रसव (होम डिलीवरी) को संस्थागत प्रसव में प्रोत्साहित करने के लिए जनपद चमोली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नंदा नगर (घाट) में जन्म प्रतिक्षा गृह (बर्थ वेटिंग होम) स्थापित किया गया है। उन्होंने बताया कि जनपद चमोली के बर्थ वेटिंग होम का उद्देश्य समय पर सुरक्षित प्रसव एवं मातृ मृत्यु में कमी लाना है। कतिपय महिलाएं ठीक प्रसव पीड़ा के दौरान चिकित्सालय का रुख करती है। जिससे रास्ते में प्रसव की संभावना बनी रहती है जिससे जच्चा बच्चा दोनों को खतरा बना रहता है। इसके दृष्टिगत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नंदा नगर विकासखंड की गर्भवती महिलाओं के लिए प्रसव से पूर्व जन्म प्रतिक्षा गृह (बर्थ वेटिंग होम ) की स्थापना की गई है। साथ ही उन्होंने नंदा नगर की जनता से अपील की है कि वह गर्भवती महिला को प्रसव तिथि से आठ से 10 दिन पूर्व चिकित्सालय में भर्ती करवाए, ताकि उनकी समस्त जांचे करवाते हुए उन्हें सुरक्षित संस्थागत प्रसव किया जा सके। जन्म प्रतिक्षा गृह में गर्भवती महिलाओं को खाने-पीने और ठहरने की उचित व्यवस्था की गई है।

You may have missed

Share