March 21, 2026

rashtriyadiyasamachar

एक राष्ट्र, एक विधान, एक नजर,एक खबर

कांग्रेस व भाजपा के नेता पहुंचे पोखरी, एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप कर मांग अपने-अपने प्रत्याशी को आशीर्वाद

पोखरी (चमोली)। चमोली जिले की बदरीनाथ विधान सभा के उप चुनाव को भाजपा और कांग्रेस ने नाक का सवाल बना दिया है। दोनों की दलों से विधान सभा से बाहर के नेता गांव-गांव पहुंचकर अपने-अपने प्रत्याशियों के लिए जनता से आशीर्वाद मांग रहे है। शनिवार को भाजपा और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पोखरी पहुंचे जहां उन्होंने एक दूसरे दलों पर कटाक्ष करते हुए अपने प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

शनिवार को पोखरी में भाजपा संगठन महामंत्री अजय कुमार और जिलाध्यक्ष रमेश मैखुरी की अध्यक्षता में संगठन की बैठक आयोजित की गई। जिसमें सभी कार्यकर्ताओं को गांवों गांव में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार-प्रसार करने की अपील की गई। भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश मैखुरी ने भाजपा प्रत्याशी का जीत का दावा करते हुए कहा कि जनता में भाजपा के प्रति आस्था जगी है। जनता ने केंद्र से लेकर राज्य में भाजपा के प्रति अपनी आस्था प्रकट की है। भाजपा के संगठन महामंत्री अजय कुमार ने कहा कि भाजपा ने सत्ता में रह कर जनता की सेवा की है। जनता जानती है कि भाजपा ही वह सरकार है जो उनके दुखदर्द को समझती है। इसलिए लोक सभा चुनाव में भी जनता ने उत्तराखंड की पांचों सीटों पर भाजपा को जीत दिलवायी है। और इस उप चुनाव में भी बदरीनाथ विधान सभा की जनता भाजपा प्रत्याशी को अपना आशीर्वाद देगी। इसलिए कार्यकर्ताओं जनता के बीच जाकर भाजपा की रीतिनीति को समझाना होगा।

वहीं दूसरी ओर कांग्रेस पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और लोक सभा चुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी रहे गणेश गोदियाल के नेतृत्व में देवखाल मसोली, कलसीर नैल नौली गुडम सहित विभिन्न गांवों में कांग्रेस प्रत्याशी लखपत बुटोला के पक्ष में प्रचार प्रसार किया गया। और मतदाताओं से कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की गई। कांग्रेस नेता गणेश गोदियाल ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा का विकास से कोई लेना देना है। वह सिर्फ दूसरे दलों के नेताओं और विधायकों को तोड़कर सत्ता में बने रहना चाहती है। उन्होंने कहा कि यह उप चुनाव आने वाले 2027 के विधान सभा चुनाव के लिए संदेश भी देगा की जनता का भाजपा से विश्वास उठ गया है। इस मौके पर एडवोकेट श्रवण सती, हरि सिंह रावत आदि मौजूद थे।

You may have missed

Share