
राजीव भार्गव (राष्ट्रीय दिया समाचार ) देहरादून
. देहरादून। उत्तराखंड में लगातार बदलते मौसम और रुक-रुककर हो रही बारिश ने डेंगू के खतरे को समय से पहले बढ़ा दिया है। सामान्य तौर पर सितंबर में तेजी पकड़ने वाला डेंगू इस बार अगस्त की शुरुआत में ही स्वास्थ्य विभाग की चिंता का कारण बन गया है। बढ़ते मामलों को देखते हुए अस्पतालों में विशेष तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और संभावित मरीजों के उपचार के लिए बेड आरक्षित किए गए हैं।
जिले में डेंगू संक्रमण के बढ़ते मामलों के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में है। अब तक 50 लोगों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है, जबकि मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बीच-बीच में होने वाली बारिश और नमी भरा वातावरण एडीज मच्छर के प्रजनन के लिए बेहद अनुकूल साबित हो रहा है। ऐसे हालात में आने वाले दिनों में संक्रमण बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
संभावित मरीजों के इलाज के लिए जिले के 40 सरकारी और निजी अस्पतालों में कुल 1,530 सामान्य बेड और 132 आईसीयू बेड आरक्षित किए गए हैं। एम्स ऋषिकेश, राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल, जिला अस्पताल सहित सभी प्रमुख स्वास्थ्य संस्थानों को डेंगू से निपटने की तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही ब्लड बैंकों में पर्याप्त मात्रा में रक्त उपलब्ध रखने के भी निर्देश जारी किए गए हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार डेंगू फैलाने वाला एडीज मच्छर मुख्य रूप से मादा मच्छर होता है, जो अपने अंडों के कारण अधिक ऊंचाई तक नहीं उड़ पाता। इसकी उड़ान क्षमता लगभग तीन फीट तक ही होती है और यह आमतौर पर सीमित क्षेत्र में सक्रिय रहता है। इसलिए घरों और आसपास पानी जमा न होने देना संक्रमण की रोकथाम के लिए सबसे प्रभावी उपाय माना जाता है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा के अनुसार जिले के 16 क्षेत्रों को डेंगू हॉटस्पॉट के रूप में चिह्नित किया गया है। इनमें बंजारावाला, पटेलनगर, क्लेमेंटाउन, मोथरोवाला, जाखन, मेहूंवाला, लक्खीबाग और माजरा सहित अन्य इलाके शामिल हैं। इन क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार सर्वे, लार्वा नष्ट करने और जागरूकता अभियान चला रही हैं। अधिकारियों ने लोगों से घरों के आसपास पानी जमा न होने देने, पूरी बाजू के कपड़े पहनने और बुखार आने पर तुरंत जांच कराने की अपील की है।

More Stories
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की श्री केदारनाथ धाम यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा,द्वितीय चरण की यात्रा को लेकर सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश, श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता.!
मुज़फ्फरनगर की थाना रामराज व एसओजी देहात की संयुक्त कार्यवाही, महिला से लॉकेट छीनने वाले 03 अभियुक्त दौराने पुलिस मुठभेड गिरफ्तार (पुलिस मुठभेड में 01 अभियुक्त हुआ घायल),आरोपियों के कब्जे से छीना गया लॉकेट, 02 तमंचे मय 03 जिन्दा व 01 खोखा कारतूस 315 बोर, 01 चाकू व घटना में प्रयुक्त 01 मोटरसाइकिल टीवीएस राइडर बिना नम्बर प्लेट बरामद ।
एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में नशा तस्करों पर दून पुलिस की ताबड़तोड़ कार्यवाही,अवैध मादक पदार्थो के साथ 02 महिला नशा तस्करों सहित 03 अभियुक्तों को पुलिस ने किया गिरफ्तार,अभियुक्तों के कब्जे से 05 लाख रू0 अधिक अनुमानित मूल्य की 16.79 ग्राम स्मैक तथा 03 किलोग्राम गांजा हुआ बरामद,गिरफ्तार महिला अभियुक्ता पूर्व में भी मादक पदार्थों की तस्करी में जा चुकी है जेल, अभियुक्ता के विरूद्ध पूर्व में भी दर्ज हैं कई अभियोग. !