आज राज्य कर कर्मचारी संयुक्त मोर्चे के पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत मसूरी बाईपास, रिंग रोड, देहरादून स्थित राज्य कर मुख्यालय में पूर्वाहन 11:00 बजे से 12:00 बजे त्तक गेट मीटिंग कर राज्य कर विभाग के सभी कर्मचारियों द्वारा राज्य कर अधिकारी संवर्ग के पदों में कटौती किए जाने पर अपना विरोध प्रकट किया गया। मीटिंग में उपस्थित सभी सदस्यों द्वारा प्रस्तावित कटौती को लेकर घोर आक्रोश व्यक्त किया गया। ध्यातव्य है कि राज्य कर अधिकारियों के पदों पर 50 प्रतिशत विभागीय कर्मचारी की पदोन्नति होती है। विभागीय समूह-ग कर्मचारी इस राज्य के मूल निवासी हैं जो विभाग में लगभग 20-25 वर्षों की अनवरत विभागीय सेवा करने के उपरान्त पदोन्नत होने पर समूह-ख श्रेणी के ‘राज्य कर अधिकारी पद पर पदोन्नत होकर राजपत्रित प्रतिष्ठा प्राप्त करते हैं, परन्तु पदों की कटौती होने पर राज्य के मूल निवासी कर्मचारियों के पदोन्नति के सोपान कम होते हैं, जिससे कर्मचारियों की कार्यदक्षता एवं मनोबल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
मीटिंग में उपस्थित विभागीय कर्मचारी संगठनों के सभी वर्तमान एवं पूर्व पदाधिकारियों ने अपने-अपने विचार व्यक्त किए और शासन स्तर पर गतिमान राज्य कर विभाग के विभागीय ढांचे के पुनर्गठन की कार्यवाही में राज्य कर अधिकारी संवर्ग के पदों में कटौती किए जाने का पुरजोर विरोध करते हुए शासन/विभाग द्वारा कर्मचारी संगठनों को विश्वास में नहीं लिए जाने पर कड़े शब्दों में निंदा की गयी। उल्लेखनीय है कि पूर्वकाल में भी दो बार शासन द्वारा अधिकारियों का ढांचा पुनर्गठित करते हुए अधिकारियों के पदों में भारी बढ़ोत्तरी की गयी, किन्तु कर्मचारियों के ढांचे में आज तक एक बार भी कोई बढ़ोत्तरी नहीं की गयी है। अब पुनः अधिकारियों के ढांचे में उच्च पदों में भारी वृद्धि करते हुए अधिकारी संवर्ग के प्रथम पद में कटौती की जा रही है जो कि नितान्त एकपक्षीय कार्यवाही है, जिसे पूरी तरह से अस्वीकार किया जाता है। संयुक्त मोर्चे द्वारा मीटिंग में निर्णय लिया गया कि शासन द्वारा यदि कर्मचारियों की मांगों पर तत्काल सकारात्मक कार्यवाही नहीं की जाती है तो सभी कर्मचारियों द्वारा आगामी समय में प्रदेशव्यापी चरणबद्ध आन्दोलन शुरू किया जाएगा। इस अवसर पर संयुक्त मोर्चे के प्रदेश अध्यक्ष जगमोहन सिंह नेगी, महासचिव अरविन्द जोशी, वैयक्तिक सहायक / अधिकारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल सपरा, मिनिस्ट्रीयल संघ के सलाहकार भरत सिंह राणा, मनमोहन सिंह नेगी, के अलावा गीताराम डोभाल, श्रीमती कविता राणा, विरेन्द्र सिंह रावत, भानू प्रकाश रावत, कैलाश सिंह बिष्ट, सुनील कुमार, विपिन डंगवाल, राजेन्द्र जोशी, नैन सिंह पंवार, पुनीत डबराल, रूबी मंमगाई, सुरक्षा, श्रद्धा, सलोनी कुकरेती, दीप्ति भट्ट, मीनाक्षी रानी, किशन पुण्डीर, बृजेश सिंह, दीपक शर्मा, पंकज डबराल, शेखर जुयाल, आशीष बिष्ट, अंकित प्रकाश आदि संगठन के पदाधिकारी और मुख्यालय व देहरादून सम्भाग के सभी कर्मचारी उपस्थित रहे।

More Stories
मुख्यमंत्री के अनुरोध पर प्रदेश में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्यों की समय-सीमा विस्तार को मिली स्वीकृति
सर्वे ऑफ इंडिया मुख्यालय देहरादून से नही होगा स्थानांतरित, मुख्यमंत्री ने इस संबंध में केन्द्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री से किया था अनुरोध
हल्द्वानी में 21 मार्च को भव्य जनसभा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह होंगे मुख्य अतिथि, सीएम धामी ने कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश