
राजेन्द्र शिवाली (राष्ट्रीय दिया समाचार) कोटद्वार
कोटद्वार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भाई शैलेश बिष्ट से फोन पर बात कर अभद्र भाषा का प्रयोग कर गाली गलौच करना और उनके परिजनों को जान से मारने की धमकी देना स्थानीय एक कांग्रेस नेता एवं जिला पंचायत सदस्य को भारी पड़ गया है। शैलेश बिष्ट ने इस मामले में पुलिस कोतवाली कोटद्वार में लिखित तहरीर दी है।पुलिस ने मुख्यमंत्री के भाई शैलेश बिष्ट की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। यमकेश्वर विकासखंड के ग्राम पंचूर यमकेश्वर हाल कोटद्वार निवासी शैलेश बिष्ट ने मामले में गत 11 जुलाई को कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह आर्मी में हैं और वर्तमान में कोटद्वार में उनकी तैनाती है। उन्होंने बताया कि जिला पंचायत सदस्य क्रांति कपरुवाण ने उनके परिवार के खिलाफ गत 16 जून को फेसबुक पर एक पोस्ट अपलोड की। उसका विरोध करते हुए उन्होंने जब आरोपी नेता को फोन कर पोस्ट हटाने के लिए कहा तो उसने फोन पर ही गाली-गलौज करते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया। घटना के 25 दिन बाद आरोपी ने उन्हें फिर कॉल कर उनके परिवार वालों को फिर से गाली दी और जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान आरोपी ने उन्हें भी मारने की धमकी दी। उन्होंने बताया कि आरोपी नीलकंठ इलाके में पहले भी इस प्रकार की हरकतें कर चुका है। उन्होंने कहा कि उनके पास आरोपी की रिकॉर्डिंग भी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि शैलेश बिष्ट की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

More Stories
मुख्यमंत्री के अनुरोध पर प्रदेश में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्यों की समय-सीमा विस्तार को मिली स्वीकृति
सर्वे ऑफ इंडिया मुख्यालय देहरादून से नही होगा स्थानांतरित, मुख्यमंत्री ने इस संबंध में केन्द्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री से किया था अनुरोध
हल्द्वानी में 21 मार्च को भव्य जनसभा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह होंगे मुख्य अतिथि, सीएम धामी ने कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश