March 21, 2026

rashtriyadiyasamachar

एक राष्ट्र, एक विधान, एक नजर,एक खबर

विश्व सिकल सेल दिवस पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा आम जनमानस को किया जागरूक ।

राजेन्द्र शिवाली (राष्ट्रीय दिया समाचार) कोटद्वार

कोटद्वार, पौड़ी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 प्रवीण कुमार ने बताया कि सिकल सेल एनीमिया लाल रक्त कोशिकाओं में होने वाली एक अनुवांशिक बीमारी है, जिसके चलते लाल रक्त कोशिका का आकार अर्धचंद्र या हंसिया जैसा हो जाता है। एनीमिया यानी खून की कमी, आंखों में पीलेपन के साथ-साथ बदन में तेज दर्द, कोहनी व घुटनों में सूजन, बार-बार बुखार आना सिकल सेल के लक्षण हैं। उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा वर्ष 2047 से पहले सिकल सेल रोग उन्मूलन का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि सिकल सेल उन्मूलन अभियान में जनपद के जनजाति बाहुल्य दुगड्डा, यमकेश्वर, कोट, खिर्सू में 19 जून को सिकल सेल जागरूकता दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें लोगों की रक्त जांच की गई। जनपद की समस्त चिकित्सा इकाईयों में सिकल सेल जागरूकता गतिविधियों का आयोजन गया। सिकल सेल रोग उन्मूलन मिशन के अंतर्गत गत वर्ष से जनजाति आबादी में शून्य से चालीस आयु वर्ग की स्क्रीनिंग की जा रही है। जनपद में 2448 लोगों की स्क्रीनिंग का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें अभी तक 1278 लोगों की सिकल सेल की जांच की जा चुकी है, जिसमें अभी तक सभी लोग स्वस्थ पाए गए हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा 19 जून से 3 जुलाई, 2024 तक होने वाले सिकल सेल जागरूकता अभियान पर लक्षित क्षेत्र में विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने जनमानस से अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।

You may have missed

Share