राजेन्द्र शिवाली(राष्ट्रीय दिया समाचार) कोटद्वार
कोटद्वार। पुलिस व प्रशासन की शह पर पूर्वी खोह नदी में पिछले एक माह से अवैध खनन शुरु हो गया है। पिछले माह 26 जून को अधिकारियों द्वारा ग्रासटनगंज हेलीपैड के पास आकस्मिक छापेमारी की कार्रवाई किए जाने पर वहां खनन कर रहे कुछ खननकारी खाली ट्रेक्टर ट्रालियां लेकर भाग खड़े हुए थे। तब से वहां खनन बंद था। अब तीन चार दिन से हेलीपैड से ऊपर फिर कारोबारी से खनन माफिया बने एक व्यक्ति द्वारा खोह नदी में रात्रि 2 बजे के बाद सुबह 8 बजे तक ट्रेक्टर ट्रालियों से अवैध खनन कराया जा रहा है, जबकि बरसात शुरु होने पर नदियों में किसी भी प्रकार के खनन पर पूर्ण रुप से प्रतिबंध रहता है। बताया जा रहा है कि उक्त खनन माफिया द्वारा खोह नदी में अवैध खनन कराए जाने के प्रति ट्रेक्टर ट्राली एक हजार रुपए तक वसूले जा रहे हैं। यह व्यक्ति हेलीपैड पर मोटरसाइकिल लेकर खड़ा रहता है और बकायदा प्रति ट्रेक्टर ट्राली चालक को प्रति चक्कर की रसीद काटकर देता है। प्रजापति नगर के एक खनन कारोबारी ने नाम न लिखने की शर्त पर बताया कि उक्त खनन माफिया द्वारा खनन कर रहे ट्रेक्टर ट्राली मालिकों से 50-50 हजार रुपए खनन कराने की ऐवज में एडवांस लिए गए हैं। उधर, खनन कर रहे ट्रेक्टर ट्राली मालिकों द्वारा खोह नदी में तेज पानी होने के कारण नदी के किनारों से खनन किया जा रहा है, जिसके चलते बाढ़ की स्थिति में किनारे की कृषि भूमि और वहां बसे लोगों के चपेट में आने से कोई नहीं रोक सकता है। क्षेत्र के लोगों ने खोह नदी में हो रहे अवैध खनन को तत्काल रोकने की मांग जिला प्रशासन से की है।

More Stories
मुख्यमंत्री के अनुरोध पर प्रदेश में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्यों की समय-सीमा विस्तार को मिली स्वीकृति
सर्वे ऑफ इंडिया मुख्यालय देहरादून से नही होगा स्थानांतरित, मुख्यमंत्री ने इस संबंध में केन्द्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री से किया था अनुरोध
हल्द्वानी में 21 मार्च को भव्य जनसभा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह होंगे मुख्य अतिथि, सीएम धामी ने कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश