March 15, 2026

rashtriyadiyasamachar

एक राष्ट्र, एक विधान, एक नजर,एक खबर

सौंग बाँध प्रभावित एवं विस्थापित विकास समिति ने की बैठक, सौंग बाँध परियोजना से प्रभावित और विस्थापित हो रहे ग्रामीणों की समस्याओ को दूर करने उपायो पर किया विचार विमर्श !

आज सौंग बाँध प्रभावित एवं विस्थापित विकास समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक सौन्दणा में समिति के अध्यक्ष रविन्द्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के विभिन्न जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, पूर्व जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता ने भाग लिया।

बैठक में मुख्य रूप से यह विषय उठाया गया कि सौंग बाँध परियोजना से प्रभावित और विस्थापित हो रहे ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर अब तक शासन-प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई है। क्षेत्र से विभिन्न मुद्दों को लेकर समय-समय पर प्रस्ताव और ज्ञापन भेजे गए, लेकिन अभी तक केवल मौखिक आश्वासन ही मिले हैं, जबकि किसी भी प्रकार का लिखित जवाब या ठोस समाधान सामने नहीं आया है।

समिति के सदस्यों और क्षेत्रीय जनता ने इस बात पर गहरी नाराज़गी व्यक्त की कि विस्थापन से लेकर आज तक प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। वहीं दूसरी ओर आंशिक रूप से प्रभावित परिवारों को भी उचित मुआवजा नहीं दिया जा रहा है। इसके अतिरिक्त प्रभावित गांवों में मूलभूत सुविधाओं, विशेषकर सड़कों के निर्माण को लेकर भी कोई ठोस कार्यवाही नहीं की जा रही है, जिससे क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि यदि शीघ्र ही शासन-प्रशासन द्वारा क्षेत्रवासियों की मांगों पर सकारात्मक और ठोस निर्णय नहीं लिया जाता है, तो समिति कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ सड़क पर उतरकर जनआंदोलन करने के लिए भी बाध्य होगी।

बैठक के उपरांत यह भी तय किया गया कि पूर्व में जो पत्र जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल, सौंग बाँध परियोजना के महाप्रबंधक, क्षेत्रीय विधायक एवं उत्तराखंड शासन को प्रेषित किए गए हैं, उनकी वर्तमान स्थिति से समिति को अवगत कराया जाए ताकि आगे की रणनीति और कार्ययोजना तय की जा सके।

बैठक में क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही, जिनमें तौलियाकाटल के प्रधान, घुड़सालगांव के प्रधान, रगड़ गांव के प्रधान, सेरा के प्रधान, कुण्ड के पूर्व प्रधान, हिलासवाला के प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य बनाली, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य रिगालगढ़, पूर्व प्रधान लडवाकोट, वर्तमान प्रधान लडवाकोट, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अखिलेश उनियाल, ज्येष्ठ प्रमुख जय कृष्ण उनियाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सूरत सिंह नेगी, महेन्द्र प्रताप गुरु जी सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल रहे।

इसके अतिरिक्त पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष कुलदीप पंवार, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष आदित्य कंडारी, समिति के सोशल मीडिया प्रभारी सुमित कंडारी, घुड़सालगांव के पूर्व प्रधान जय सिंह कंडारी, पूर्व प्रधान वीरेंद्र सिंह पंवार सहित भीम सिंह, जसवंत सिंह, हरी सिंह, राम सिंह, जगदीश सिंह, गोविंद सिंह, अरविन्द सिंह तथा क्षेत्र के अन्य गणमान्य लोगों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भी बैठक में भाग लेकर आंदोलन को समर्थन देने का आश्वासन दिया।

बैठक के अंत में समिति के अध्यक्ष रविन्द्र सिंह ने कहा कि क्षेत्र के लोगों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो समिति व्यापक जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

You may have missed

Share