March 21, 2026

rashtriyadiyasamachar

एक राष्ट्र, एक विधान, एक नजर,एक खबर

मलिन बस्तियों का होगा कायाकल्प, डीएम ने मलिन बस्तियों के सर्वे करने के दिए निर्देश

गोपेश्वर (चमोली)। जिलाधिकारी चमोली हिमांशु खुराना ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के नगर क्षेत्रों में अवस्थित मलिन बस्तियों के सुधार, विनियमितीकरण, पुनर्वासन, पुनर्व्यवस्थापन, अतिक्रमण निषेध और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं की प्रगति के संबंध में समीक्षा बैठक ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी नगर क्षेत्रों में मलिन बस्तियों का चिह्निकरण और विस्तृत सर्वेक्षण करते हुए एक सप्ताह में रिपोर्ट उपलब्ध करवायें।

जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार नगर निकाय क्षेत्रों में मलिन बस्तियों के सुधार, विनियमितीकरण एवं पुनर्वास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि नगर क्षेत्रों में मलिन बस्तियों को श्रेणीवार चिन्हांकन करें। राजस्व रिकार्ड के आधार पर इसका सत्यापन किया जाए। मलिन बस्तियों का क्षेत्रफल, परिवार एवं सदस्यों की संख्या और वहां पर मौजूदा सुविधाओं का विस्तृत सर्वे करते हुए एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट उपलब्ध करें। ताकि जनपद में अवस्थित मलिन बस्तियों में निवासरत परिवारों के जीवन स्तर में सुधार, मलिन बस्तियों के विनियमितीकरण, पुनरुद्धार और पुनर्वास के लिए कार्ययोजना तैयार की जा सके। बैठक में बताया गया कि जोशीमठ में दो, कर्णप्रयाग और गोपेश्वर में एक-एक मलिन बस्तियों को चिह्नित कर लिया गया है। सर्वेक्षण का काम जारी है। वीसी में एसडीएम आरके पांडेय, एसडीएम कमलेश मेहता, एसडीएम एसके पांडेय, एसडीएम सीएस बशिष्ट, एसडीएम अबरार अहमद, ईओ पीएस नेगी आदि मौजूद थे।

You may have missed

Share