
राजेन्द्र शिवाली (राष्ट्रीय दिया समाचार) कोटद्वार
कोटद्वार, पौड़ी। पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र करन सिंह नगन्याल द्वारा परिक्षेत्रीय कार्यालय पौड़ी में जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में पुलिस मुख्यालय एवं परिक्षेत्रीय स्तर पर चलाये जा रहे अभियानों की समीक्षा करते हुए वर्तमान में चल रहे अभियान को सफल बनाने हेतु स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने लम्बित विवेचनाओं की समीक्षा कर विशेषकर कोतवाली कोटद्वार, श्रीनगर, लक्ष्मणझूला में अधिक समय से लम्बित विवेचनाओं में ठोस साक्ष्य संकलन करते हुए विवेचनाओं का त्वरित निस्तारण करने हेतु निर्देशित किया। मानवाधिकार आयोग, महिला आयोग, पुलिस शिकायत प्राधिकरण, शासन, पुलिस मुख्यालय एवं रेंज स्तर से प्राप्त शिकायतों की जांच निर्धारित समयावधि में निस्तारित करने के निर्देश दिए। सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त होने वाली शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने एवं शिकायत के संबंध अगर कोई डॉक्यूमेंट साक्ष्य हो तो उसे भी पोर्टल पर अपलोड करें। वर्तमान में प्रचलित ऑपरेशन स्माइल, ऑपरेशन नशा मुक्ति को शत-प्रतिशत सफल बनाने हेतु समस्त थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया। साथ ही आगामी एक जुलाई से लागू होने वाले तीन नए आपराधिक कानूनों भारतीय न्याय संहिता 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 और भारतीय साक्ष्य अधिनियम 2023 का आमजन को जागरूक करते हुये अधिक से अधिक प्रचार प्रसार किया जाए।श्री नगन्याल ने आगामी आपदा सीजन के दृष्टिगत आपदा उपकरणों को अभी से तैयारी की हालत में रखने तथा आपदा के कारण मुख्य सड़क मार्ग बन्द हो जाने पर वैकल्पिक मार्गों के बारे में जानकारी रखने हेतु निर्देशित किया। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी लोकेश्वर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार श्रीमती जया बलोनी, क्षेत्राधिकारी सदर पौड़ी अनुज कुमार, क्षेत्राधिकारी कोटद्वार विभव सैनी, क्षेत्राधिकारी श्रीनगर आरके चमोली सहित समस्त थाना व शाखा प्रभारी मौजूद रहे।

More Stories
मुख्यमंत्री के अनुरोध पर प्रदेश में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्यों की समय-सीमा विस्तार को मिली स्वीकृति
सर्वे ऑफ इंडिया मुख्यालय देहरादून से नही होगा स्थानांतरित, मुख्यमंत्री ने इस संबंध में केन्द्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री से किया था अनुरोध
हल्द्वानी में 21 मार्च को भव्य जनसभा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह होंगे मुख्य अतिथि, सीएम धामी ने कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश