
राजेन्द्र शिवाली (राष्ट्रीय दिया समाचार) कोटद्वार
कोटद्वार। पौड़ी पुलिस ने नजीबाबाद रोड स्थित कौड़िया से कमेटी के करीब डेढ़ करोड़ रुपए लेकर फरार हुए कमेटी संचालक मनोज कंसल उर्फ सोनू को खुर्जा उप्र से गिरफ्तार करने का दावा किया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि पांच माह पूर्व अप्रैल में कोड़िया निवासी कमेटी संचालक सोनू लोगों के कमेटी में जमा क़रीब डेढ़ करोड़ रुपए लेकर फरार हो गया था। फरार होने से पूर्व उसने अपना घर व दुकान भी बेच दी थी। सोनू क्षेत्र के जिन लोगों के कमेटी के पैसे लेकर फरार हुआ था, उनमें से नगीना उप्र निवासी समेत क्षेत्र के कुछ लोगों ने कोतवाली कोटद्वार में तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की थी। पिछले बुद्धवार को भी सोनू की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कुछ लोगों ने कोतवाली में हंगामा काटा था। इसके अलावा भूतपूर्व सैनिक संगठन ने भी विगत माह उपजिलाधिकारी कोटद्वार को एक ज्ञापन सौंपकर कार्यवाही की मांग की थी। बताते हैं कि दो दिन पूर्व सोनू की बेटी की स्कूल की टीसी लेने उसका भांजा कोटद्वार आया था। इसी दौरान कौड़िया वासियों को उसके कोटद्वार आने की भनक लगते ही उन्होंने उसे घेर लिया और मौके पर पुलिस को भी बुला लिया। पूछताछ में सोनू के भांजे ने बताया कि वह सोनू की बेटी की टीसी लेने कोटद्वार उसके स्कूल आया था। उसने यह भी बताया कि सोनू खुर्जा उप्र में है।कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया की मनोज कंसल उर्फ सोनू के खुर्जा उप्र में रहने की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने सोनू को खुर्जा उप्र से गिरफ्तार कर लिया। सोनू की गिरफ्तारी की जानकारी मिलते ही आज कोतवाली में लेनदारों की भीड़ लगी रही। भीड़ में अधिकांश महिलाएं शामिल हैं। उधर, पुलिस सोनू को न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए वैधानिक कार्यवाही कर रही है।

More Stories
मुख्यमंत्री के अनुरोध पर प्रदेश में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्यों की समय-सीमा विस्तार को मिली स्वीकृति
सर्वे ऑफ इंडिया मुख्यालय देहरादून से नही होगा स्थानांतरित, मुख्यमंत्री ने इस संबंध में केन्द्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री से किया था अनुरोध
हल्द्वानी में 21 मार्च को भव्य जनसभा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह होंगे मुख्य अतिथि, सीएम धामी ने कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश