March 21, 2026

rashtriyadiyasamachar

एक राष्ट्र, एक विधान, एक नजर,एक खबर

कांग्रेस परिवारवाद की जननी है, उसे विकास से कुछ लेना-देना नहींः सीएम धामी

-बदरीनाथ विधान सभा के उप चुनाव में भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र भंडारी के नामांकन में पहुंचे सीएम

-जन सभा को किया संबोधित, मांगो भाजपा प्रत्याशी के लिए आशीर्वाद

गोपेश्वर (चमोली)। बदरीनाथ विधान सभा उप चुनाव के लिए गुरूवार को भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र भंडारी ने अपना नामांकन किया। नामांकन में शामिल होने सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी पहुंचे थे। यहां चमोली जिला मुख्यालय गोपेश्वर में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक परिवारवादी पार्टी है उसका लक्ष्य अपने परिवार का कल्याण करना है उसे जनता के विकास से कुछ लेना देना नहीं है। इसी लिए पूरे देश में लोक सभा चुनाव में जनता ने कांग्रेस को नकार दिया है।

चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि भाजपा ही वह पार्टी है जो जनता के दुख दर्द को समझती है और विकास के नये-नये आयाम खड़े करती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश विकास की ओर बढ़ रहा है। उत्तराखंड अन्य राज्यों के लिए एक मॉडल प्रदेश बना हुआ है। यहां की तर्ज पर अन्य राज्य भी यहां के विकास के मॉडल को अपना रहे है। उन्होंने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस वह पार्टी है जिसने आकाश से लेकर पाताल तक भ्रष्टाचार किया है। कांग्रेस ही भ्रष्टाचार की जननी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है और अब वह जनता के बीच भ्रम फैलाकर भाजपा को बदनाम करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने जनता से भाजपा प्रत्याशी के लिए आशीर्वाद मांगते हुए कहा कि जिस तरह से लोक सभा चुनाव में बदरीनाथ विधान सभा की जनता ने भाजपा का साथ दिया है उसी तरह इस उप चुनाव में भी अपना आशीर्वाद देगी। और विकास को आगे बढ़ाने में अपनी अहम भूमिका निभायेगी।

जनसभा को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री डा. धनसिंह रावत ने कहा कि कांग्रेस एक फ्यूज बल्ब है। अब कांग्रेस का कोई नाम लेने वाला नहीं है। जनता ने लोक सभा चुनाव में दिखा दिया है कि वह भाजपा के साथ कंधे से कंधा मिलाये खड़ी है। और इस उप चुनाव में एक बार फिर से कांग्रेस को उखाड़ फैंकेगी। भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र भंडारी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि विकास के लिए उन्होंने भाजपा का दामन धामा है। वह अपने क्षेत्र की जनता का विकास करना चाहते है। उन्होंने कहा कि जनता ने उनका हर समय साथ दिया है और इस बार भी उनसे यही आशा उनकी है। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि उनकी पार्टी का उद्देश्य विकास करना है। और हम सब विकास को नई गति देंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एक जुटता के साथ कार्य करते हुए प्रत्याशी को जीत की मंजिल तक पहुंचायेंगे। इस मौके पर भाजपा के जिलाध्यक्ष रमेश मैखुरी, विधायक कर्णप्रयाग अनिल नौटियाल, थराली भूपाल राम टम्टा, हरक सिंह नेगी, रघुवीर सिंह बिष्ट, विरेंद्र असवाल आदि मौजूद थे।

You may have missed

Share